‘खाकी मिट्टी’ से ‘आँगन के कल्पवृक्ष’ तक: ऋषि कुमार मिश्र की नवगीत यात्रा

 

‘खाकी मिट्टी’ से ‘आँगन के कल्पवृक्ष’ तक: ऋषि कुमार मिश्र की नवगीत यात्रा

-    अशोक शर्मा ‘कटेठिया’

समय के प्रत्येक बड़े सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परिवर्तन ने साहित्य की संवेदना, भाषा और अभिव्यक्ति को नई दिशा प्रदान की है। हिन्दी कविता भी इस परिवर्तनशील प्रक्रिया से निरंतर प्रभावित होती रही है। विशेषतः गीत-विधा, जो लंबे समय तक मानवीय रागात्मकता, प्रकृति-सौंदर्य, प्रेमानुभूति और निजी संवेदनाओं की अभिव्यक्ति का प्रमुख माध्यम रही, आधुनिक समय में बदलते सामाजिक यथार्थ के दबाव में एक नए रूपांतरण से गुज़री। स्वतंत्रता-प्राप्ति के पश्चात भारतीय समाज तीव्र संक्रमणों, विघटनशील मूल्यों, आर्थिक असमानताओं, सांस्कृतिक विखंडन और राजनीतिक-सामाजिक अंतर्विरोधों से होकर गुज़रा। गाँवों का क्षरण, महानगरीय जीवन का विस्तार, बाज़ारवाद की आक्रामकता, संबंधों का कृत्रिम स्वरूप तथा मनुष्य का भीतर से अकेला और असुरक्षित हो जाना—इन सबने साहित्यकार की चेतना को गहराई से प्रभावित किया। परिणामस्वरूप गीत केवल भावुकता और माधुर्य का पर्याय न रहकर जीवन के कठोर यथार्थ से मुठभेड़ करने वाली विधा के रूप में विकसित हुआ। यही रूपांतरण आगे चलकर “नवगीत” के रूप में प्रतिष्ठित हुआ।

नवगीत हिन्दी काव्य की वह सशक्त विधा है जिसने आधुनिक भारतीय जीवन की जटिलताओं, संघर्षों, विडम्बनाओं और मानवीय संकटों को संवेदनात्मक तथा कलात्मक स्तर पर अभिव्यक्ति प्रदान की। इसमें लोकजीवन की मिट्टी की गंध, श्रमशील मनुष्य का संघर्ष, टूटते पारिवारिक संबंधों की पीड़ा, व्यवस्था की विसंगतियाँ, सांस्कृतिक क्षरण और मनुष्य की अस्तित्वगत बेचैनी समान रूप से उपस्थित हैं। नवगीत ने पारंपरिक गीत की रागात्मकता और लयात्मकता को सुरक्षित रखते हुए उसमें समकालीन जीवन-बोध, सामाजिक यथार्थ और वैचारिक सजगता का सशक्त समावेश किया। इस दृष्टि से नवगीत केवल गीत का नवीन रूप नहीं, बल्कि बदलते समाज और समय की संवेदनात्मक अभिव्यक्ति है, जिसमें लोक और आधुनिकता, स्मृति और यथार्थ, करुणा और प्रतिरोध, आस्था और प्रश्नाकुलता का प्रभावपूर्ण समन्वय दिखाई देता है।

समकालीन हिन्दी नवगीत की इसी समृद्ध परंपरा में ऋषि कुमार मिश्र एक महत्त्वपूर्ण और विशिष्ट रचनाकार के रूप में प्रतिष्ठित होते हैं। उनकी काव्य-दृष्टि भारतीय लोकजीवन, सांस्कृतिक चेतना और मानवीय मूल्यों से गहरे रूप में जुड़ी हुई है। वे ऐसे कवि हैं जिनकी संवेदना गाँव और महानगर, परंपरा और आधुनिकता, लोक और समकालीन जीवन—इन सभी के अंतर्संबंधों के बीच विकसित हुई है। यही कारण है कि उनके नवगीतों में एक ओर भारतीय जीवन-मूल्यों के प्रति गहरी आस्था दिखाई देती है, तो दूसरी ओर बदलते समय की विडम्बनाओं, सामाजिक विखंडन, उपभोक्तावादी मानसिकता और मानवीय संवेदनहीनता के प्रति तीखा प्रतिरोध भी व्यक्त होता है। उनके यहाँ लोकजीवन केवल स्मृति का संसार नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अस्मिता और मानवीय प्रतिरोध का जीवंत आधार बनकर उपस्थित होता है।

डॉ. रामसनेही लाल शर्मा ‘यायावर’ जी ने आँगन में कल्पवृक्ष  की भूमिका में ऋषि कुमार मिश्र को “मूल्यनिष्ठ चिन्तक”, “निष्काम कर्मयोगी” तथा “आर्य परम्परा के रचनाधर्मी” के रूप में रेखांकित करते हुए उनकी रचनाधर्मिता की विशिष्टता को स्पष्ट किया है। उनके अनुसार ऋषि कुमार मिश्र ऐसे कवि हैं जो परंपरा और आधुनिकता के समन्वय-बिंदु पर खड़े होकर समकालीन जीवन की विसंगतियों का साक्षात्कार करते हैं, किन्तु निराशा में नहीं डूबते। वे मनुष्य के भीतर बची हुई आस्था, आत्मीयता और सांस्कृतिक चेतना को बचाए रखने का रचनात्मक प्रयास करते हैं।

स्वयं ऋषि कुमार मिश्र ने आँगन में कल्पवृक्ष  की ‘अपनी बात’ में अपनी रचनात्मक यात्रा का उल्लेख अत्यंत विनम्रता और आत्मीयता के साथ किया है। वे स्वीकार करते हैं कि उनका पहला संग्रह खाकी मिट्टी अपने प्रिय गीतकारों की छाया में लिखा गया था, किन्तु समय के साथ वे भाव, भाषा और शैली की एक निजी पहचान अर्जित कर सके। वे कविता को आत्मनिर्भर मानते हैं और उसके अत्यधिक व्याख्यात्मक आग्रह से बचते हैं। साथ ही वे यह भी स्वीकार करते हैं कि उनके अधिकांश गीत जीवन के प्रत्यक्ष अनुभवों, आत्मीय संबंधों और स्वानुभूत घटनाओं से जन्मे हैं। यह स्वीकारोक्ति उनके नवगीतों की अनुभव-संपन्नता और संवेदनात्मक प्रामाणिकता को प्रमाणित करती है।

प्रस्तुत अध्ययन में ऋषि कुमार मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के आलोक में उनकी नवगीत-चेतना का समग्र विश्लेषण किया गया है। खाकी मिट्टी तथा आँगन में कल्पवृक्ष के आधार पर उनके नवगीतों के विषय-विस्तार, लोक-संवेदना, सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक दृष्टि, भाषा-शैली तथा रचनात्मक वैशिष्ट्य का अध्ययन करते हुए यह समझने का प्रयास किया गया है कि समकालीन हिन्दी नवगीत परंपरा में उनका योगदान किस प्रकार विशिष्ट, सार्थक और महत्त्वपूर्ण रूप में उभरकर सामने आता है।

व्यक्तित्व एवं परिचय

ऋषि कुमार मिश्र का जन्म 1 सितम्बर 1960 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद के दुबेपुर (भगवंत नगर) ग्राम में हुआ। ग्रामीण परिवेश में व्यतीत उनका बाल्यकाल भारतीय लोकजीवन, कृषि-संस्कृति, पारिवारिक आत्मीयता तथा सामुदायिक जीवन-मूल्यों से अनुप्राणित रहा। यही कारण है कि उनकी रचनाओं में गाँव किसी अतीतजीवी स्मृति का पर्याय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की जीवंत संवेदना और मानवीय संबंधों की ऊष्मा का प्रतीक बनकर उपस्थित होता है। उनके नवगीतों में लोकबिंब, ग्राम्य प्रतीक, श्रम-संस्कृति और मिट्टी की गंध सहज रूप से अभिव्यक्त होती है। वे लोक को रोमानी दृष्टि से नहीं, बल्कि भारतीय समाज की सांस्कृतिक शक्ति और मानवीय अस्मिता के आधार के रूप में स्वीकार करते हैं।

उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी से अर्थशास्त्र तथा हिन्दी साहित्य में परास्नातक उपाधियाँ प्राप्त कीं। अर्थशास्त्र के अध्ययन ने उन्हें सामाजिक संरचना, आर्थिक विषमता और विकास की विसंगतियों को समझने की दृष्टि प्रदान की, जबकि हिन्दी साहित्य के गहन अध्ययन ने उनकी रचनात्मक संवेदना को वैचारिक परिपक्वता और कलात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की। परिणामस्वरूप उनके नवगीतों में भावुकता की अपेक्षा अनुभवजन्य सत्य, सामाजिक यथार्थ और मानवीय सरोकार अधिक प्रभावशाली रूप में अभिव्यक्त हुए हैं।

व्यावसायिक जीवन में वे मध्य रेल, मुंबई में वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी (लेखा विभाग) के पद पर कार्यरत रहे। ग्रामीण परिवेश से महानगरीय जीवन तक की उनकी यात्रा ने उनके अनुभव-संसार को व्यापक आयाम प्रदान किया। महानगर की यांत्रिक जीवन-शैली, प्रशासनिक संरचना, बदलते पारिवारिक संबंध, बाजारवाद तथा आधुनिक जीवन की विसंगतियों का जो चित्र उनके नवगीतों में मिलता है, वह उनके प्रत्यक्ष जीवनानुभवों से उपजा है। इसी कारण उनकी कविता में लोक और नगर, परंपरा और आधुनिकता, संवेदना और संघर्ष का संतुलित सामंजस्य दिखाई देता है।

सेवानिवृत्ति के उपरांत भी वे साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में वे मध्यप्रदेश शासन, भोपाल की मुक्तिबोध सृजन पीठ के निदेशक हैं। इससे पूर्व वे 'नारायणीयम्' जैसी सांस्कृतिक एवं साहित्यिक पत्रिका के संपादन से जुड़े रहे हैं तथा अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में देशव्यापी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का सफल नेतृत्व करते रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की फेलोशिप चयन समिति तथा रेल मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति में उनकी सक्रिय सहभागिता उनके साहित्यिक दायित्वबोध, संगठनात्मक क्षमता और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता की प्रमाणिक अभिव्यक्ति है।

उनकी साहित्य-साधना को विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया है। उन्हें प्रज्ञा हिन्दी सेवार्थ संस्थान ट्रस्ट, उत्तर प्रदेश द्वारा 'साहित्य सुधा सम्मान' तथा हिन्दी साहित्य अकादमी, महाराष्ट्र शासन द्वारा 'साने गुरुजी जीवन गौरव पुरस्कार' से अलंकृत किया गया है। ये सम्मान उनके बहुआयामी साहित्यिक अवदान, नवगीत विधा के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका तथा हिन्दी भाषा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति उनके सतत समर्पण के साक्षी हैं।

ऋषि कुमार मिश्र का व्यक्तित्व साहित्य, संस्कृति और समाज के त्रिवेणी-संबंध का सशक्त उदाहरण है। वे साहित्य को मात्र कलात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व, सांस्कृतिक संरक्षण और मानवीय मूल्यों के संवाहक के रूप में देखते हैं। उनके लिए कविता समय के साथ संवाद का माध्यम है, जो मनुष्य को उसकी सांस्कृतिक जड़ों, नैतिक चेतना और सामाजिक दायित्व से जोड़ती है।

कृतित्व और रचनात्मक अवदान

ऋषि कुमार मिश्र समकालीन हिन्दी नवगीत के उन महत्त्वपूर्ण रचनाकारों में हैं, जिन्होंने नवगीत को लोकजीवन, सामाजिक यथार्थ, सांस्कृतिक चेतना और मानवीय संवेदना से गहरे स्तर पर जोड़ा है। उनकी कविता अनुभव की प्रामाणिकता, लोकधर्मी दृष्टि और समय-बोध से संपृक्त है। वे नवगीत को मात्र रागात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम न मानकर समकालीन जीवन के सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय प्रश्नों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति के रूप में प्रतिष्ठित करते हैं।

ऋषि कुमार मिश्र की दो प्रमुख कृतियाँ—'खाकी मिट्टी' (कविता-संग्रह) तथा 'आँगन में कल्पवृक्ष' (नवगीत-संग्रह)—उनकी रचनात्मक चेतना को समझने की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं। 'खाकी मिट्टी' में लोकजीवन, श्रमशील मनुष्य, सामाजिक विषमता तथा बदलते समय की बेचैनी का मार्मिक चित्रण मिलता है। विविध काव्य-विधाओं से समृद्ध इस संग्रह को कवि यश मालवीय ने "सुगंध से सजी कविताओं" का संग्रह कहा है। दूसरी ओर 'आँगन में कल्पवृक्ष' में कवि की नवगीत-दृष्टि अधिक परिपक्व, अनुभवसमृद्ध और सांस्कृतिक रूप से व्यापक दिखाई देती है। इस संग्रह में लोकजीवन, पारिवारिक आत्मीयता, सांस्कृतिक मूल्य, सामाजिक परिवर्तन और मानवीय संबंधों का बहुआयामी चित्र उपस्थित हुआ है।

इन दोनों कृतियों के आलोक में स्पष्ट होता है कि ऋषि कुमार मिश्र का नवगीत केवल समकालीन यथार्थ का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक चेतना, लोकजीवन और मानवीय मूल्यों की पुनर्प्रतिष्ठा का एक सर्जनात्मक प्रयास भी है। भाषा, शिल्प, बिम्ब-योजना, प्रतीक-विधान, छंद और लय के स्तर पर भी उन्होंने नवगीत को समृद्ध किया है। उनकी काव्य-दृष्टि जीवन-सापेक्ष, मानवीय और सामाजिक प्रतिबद्धता से संपन्न है, जिसके कारण उनका रचनाकर्म समकालीन हिन्दी नवगीत की उल्लेखनीय उपलब्धियों में महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है।

प्रस्तुत अध्ययन में 'खाकी मिट्टी' तथा 'आँगन में कल्पवृक्ष' के आधार पर ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों का निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं के अंतर्गत विश्लेषण किया गया है——

1.     नवगीत की संवेदनात्मक भूमि और जीवन-दृष्टि

2.     लोकजीवन, लोक-संवेदना और सांस्कृतिक चेतना

3.     समकालीन सामाजिक यथार्थ और प्रतिरोध चेतना

4.     परम्परा, आधुनिकता और पारिवारिक चेतना

5.     स्त्री-विमर्श और नारी-संवेदना

6.     सांस्कृतिक अस्मिता और मूल्य-बोध

7.     समकालीन विमर्श और प्रतिरोध चेतना

8.     भाषा-शैली और लोकधर्मी अभिव्यक्ति

9.     बिम्ब, प्रतीक और शिल्प-विधान

10.  छन्दानुशासन और गीतात्मकता

11.  कवि की रचनात्मक प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकार

12.  समग्र निष्कर्ष

नवगीत की संवेदनात्मक भूमि और जीवन-दृष्टि

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों की सबसे महत्त्वपूर्ण विशेषता उनकी व्यापक और बहुआयामी संवेदनात्मक भूमि है। उनकी कविता केवल निजी अनुभूतियों या रागात्मक भावुकता तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जीवन, समाज, समय और मनुष्य के गहरे संकटों से संवाद करती है। उनके नवगीतों में समकालीन जीवन की विडम्बनाएँ, टूटते संबंध, सांस्कृतिक क्षरण, सामाजिक विसंगतियाँ और मनुष्य की आंतरिक पीड़ा अत्यंत मार्मिक रूप में अभिव्यक्त हुई हैं। साथ ही, उनके यहाँ जीवन और मनुष्य के प्रति गहरी आस्था भी दिखाई देती है। यही उनकी जीवन-दृष्टि का मूल स्वर है।

आधुनिक जीवन की कृत्रिमता और मानवीय मूल्यों के ह्रास को कवि अत्यंत प्रभावपूर्ण ढंग से व्यक्त करता है। नवगीत ‘काँटे दामन में’ में वे लिखते हैं—सेंहुड़ और बबूल उगाये / हमने आँगन में  …….. गुलदानों में फूल उगाये / काँटे दामन में।— (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 11) इन पंक्तियों में कवि ने आधुनिक मनुष्य की जीवन-दृष्टि के भीतर व्याप्त विरोधाभास को अत्यंत सशक्त प्रतीकों के माध्यम से व्यक्त किया है। ‘आँगन’ भारतीय संस्कृति में आत्मीयता, परिवार और संवेदनात्मक ऊष्मा का प्रतीक है, किन्तु वहाँ “सेंहुड़ और बबूल” उगाना इस बात का संकेत है कि मनुष्य ने अपने ही जीवन में कटुता, स्वार्थ और संवेदनहीनता को स्थान दे दिया है। दूसरी ओर “गुलदानों में फूल” कृत्रिम और प्रदर्शनप्रिय जीवन का प्रतीक है। यहाँ कवि आधुनिक सभ्यता की उस विडम्बना को उद्घाटित करता है, जिसमें बाहरी सजावट तो बढ़ती जा रही है, किन्तु भीतर का जीवन काँटों से भरता जा रहा है।

कवि की संवेदना केवल विघटन-बोध तक सीमित नहीं रहती; उसके भीतर जीवन और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति गहरी आस्था भी विद्यमान है। नवगीत ‘मानस गंगा’ में यह भाव अत्यंत आत्मीय रूप में व्यक्त हुआ है—“माँ-बाबूजी आज गाँव से / शहर पधारे हैं / ऐसा लगा कि मेरे घर में / तीरथ सारे हैं।“ (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 88) इन पंक्तियों में कवि की सांस्कृतिक चेतना और पारिवारिक संवेदना अत्यंत प्रभावशाली रूप में उभरती है। यहाँ “माँ-बाबूजी” केवल पारिवारिक सदस्य नहीं, बल्कि भारतीय जीवन-मूल्यों, संस्कारों और आत्मीयता के प्रतीक हैं। महानगरीय जीवन की कृत्रिमता और अकेलेपन के बीच उनका आगमन कवि को “तीर्थ” जैसा पावन अनुभव देता है। इससे स्पष्ट होता है कि ऋषि कुमार मिश्र की जीवन-दृष्टि आधुनिकता के अंधानुकरण की नहीं, बल्कि सांस्कृतिक स्मृति और मानवीय संबंधों को बचाए रखने की है।

समकालीन समाज में संबंधों के विघटन और आर्थिक मानसिकता के बढ़ते प्रभाव को कवि अत्यंत मार्मिक ढंग से व्यक्त करता है। नवगीत ‘अपनी पहचान’ में वे लिखते हैं—दौलत की खातिर अपनों से / कटे सयाने लोग। (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 102) यहाँ “सयाने लोग” शब्द विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करता है। कवि व्यंग्यात्मक ढंग से संकेत करता है कि आधुनिक समाज जिसे ‘समझदारी’ कहता है, वह वास्तव में संबंधों और संवेदनाओं से कट जाने की प्रवृत्ति है। आर्थिक लालसा ने मनुष्य को इतना आत्मकेंद्रित बना दिया है कि वह अपने ही लोगों से दूर होता जा रहा है। यह केवल पारिवारिक विघटन का चित्र नहीं, बल्कि समूचे सामाजिक जीवन में बढ़ती संवेदनहीनता का संकेत है।

ऋषि कुमार मिश्र की जीवन-दृष्टि का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष भविष्य और मानवीय आस्था को लेकर उनकी चिंता भी है। नवगीत ‘रोबोट’ में वे लिखते हैं—“रचेंगे किस तरह का विश्व / अपनी आस्था खोकर।“ (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 103) यह प्रश्न आधुनिक सभ्यता के मूल संकट की ओर संकेत करता है। कवि के अनुसार यदि मनुष्य अपनी आस्था, नैतिकता और सांस्कृतिक चेतना खो देगा, तो भविष्य का संसार केवल भौतिक प्रगति का संसार रह जाएगा, मानवीयता का नहीं। यहाँ कवि की दृष्टि सामाजिक होने के साथ-साथ गहरी दार्शनिक और मानवीय भी बन जाती है।

समकालीन राजनीतिक और सामाजिक व्यवस्था के प्रति कवि की तीखी प्रतिक्रिया भी उनके नवगीतों में मुखर रूप से दिखाई देती है। नवगीत ‘रंगे पुते हैं फेस’ (पृष्ठ 89) में वे आम आदमी की आँखों में धूल झोंकने वाले प्रशासनिक व राजनीतिक अमले पर तीखा प्रहार करते हुए लिखते हैं—"चले गए सरकारी अफसर / पब्लिक को फुसलाकर /रस्ता बंद काम चालू है / शाइनबोर्ड लगाकर /टंगड़ी देना सीख रहे हैं / जिन्हें जीतना रेस" इन पंक्तियों में कवि का आक्रोश स्पष्ट दिखाई देता है। लोकतंत्र, जो जनकल्याण और समानता का प्रतीक होना चाहिए था, वह भ्रष्ट व्यवस्था और झूठे विज्ञापनों (शाइनबोर्ड संस्कृति) के कारण निष्प्राण होता जा रहा है। कवि स्पष्ट करते हैं कि आज आम जनता को केवल 'फुसलाया' जा रहा है, जबकि सत्ता की रेस जीतने वाले केवल दूसरों को 'टंगड़ी देना' (साजिशें रचना) ही जानते हैं। यह नवगीत समकालीन व्यवस्था के नैतिक पतन का एक जीवंत संवेदनात्मक दस्तावेज बन जाता है।

ऋषि कुमार मिश्र के गीतों की संवेदनात्मक भूमि मानवीय करुणा, प्रेम, आस्था और लोकमंगल की भावभूमि पर विकसित हुई है। उनका काव्य मनुष्य को जाति, धर्म और सीमाओं से ऊपर उठकर देखने का आग्रह करता है। कवि का जीवन-दर्शन केवल आदर्शवाद तक सीमित नहीं है। जीवन की पीड़ा, संघर्ष और मानसिक व्यथा भी उसके गीतों में गहरी संवेदना के साथ अभिव्यक्त हुई है। ‘असह हुई जीवन की पीड़ा’ में जीवन के अवसाद और बंधनों की त्रासदी मुखर होती है—“आकुल हो-हो भावुक अन्तर / मूक रुदन कर रहा निरन्तर।“ (खाकी मिट्टी, पृ. 32) इसी प्रकार ‘पलकें मेरी सन्त हो गईं’ में विरह को आत्मानुभूति और साधना का रूप दिया गया है—“आँसू की माला जपती हैं / पलकें मेरी सन्त हो गईं।“ (खाकी मिट्टी, पृ. 69)

इन गीतों से स्पष्ट होता है कि कवि के लिए जीवन केवल संघर्ष का नाम नहीं, बल्कि संवेदना, आत्मिक विश्वास और मानवीय संबंधों की साधना भी है। उनकी जीवन-दृष्टि में प्रेम, करुणा, आध्यात्मिक विश्वास और विश्वबंधुत्व के मूल्य समान रूप से प्रतिष्ठित हैं।

ऋषि कुमार मिश्र की संवेदनात्मक भूमि का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष उनका लोक-बोध भी है। उनकी संवेदना गाँव, मिट्टी, श्रम और लोक-संस्कृति से गहरे रूप में जुड़ी हुई है। यही कारण है कि उनके गीतों में लोकजीवन की आत्मीयता और मानवीय ऊष्मा बार-बार उभरती है। वे आधुनिक जीवन की संवेदनहीनता के बरक्स लोक-संस्कृति की नैतिक शक्ति को स्थापित करते हैं।

इस प्रकार ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों की संवेदनात्मक भूमि अत्यंत व्यापक, जीवन-सापेक्ष और मानवीय है। उनकी जीवन-दृष्टि में लोकजीवन की आत्मीयता, सामाजिक यथार्थ की तीखी पहचान, सांस्कृतिक चेतना, मानवीय करुणा तथा भविष्य के प्रति नैतिक चिंता एक साथ उपस्थित दिखाई देती है। यही विशेषता उनके नवगीतों को समकालीन हिन्दी नवगीत परंपरा में विशिष्ट और महत्त्वपूर्ण बनाती है।

लोकजीवन, लोक-संवेदना और सांस्कृतिक चेतना

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों की एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण विशेषता उनका गहरा लोक-संबंध और लोक-संवेदना है। उनकी कविता में लोक केवल विषय-वस्तु के रूप में उपस्थित नहीं होता, बल्कि उनकी समग्र जीवन-दृष्टि और संवेदनात्मक संरचना का मूलाधार बनकर उभरता है। गाँव, खेत-खलिहान, मेड़, चौपाल, पगडंडी, आँगन, मिट्टी, श्रम और पारिवारिक आत्मीयता—ये सभी उनके नवगीतों में भारतीय लोकजीवन की सांस्कृतिक स्मृति और जीवंत यथार्थ के रूप में अभिव्यक्त हुए हैं।

ऋषि कुमार मिश्र का लोक-बोध किसी रोमानी ग्रामीण कल्पना पर आधारित नहीं है। वे गाँव को केवल सौन्दर्य और स्मृति के रूप में नहीं देखते, बल्कि वहाँ के बदलते सामाजिक यथार्थ, विघटन, संघर्ष और अंतर्विरोधों को भी अत्यंत सजगता से पहचानते हैं। यही कारण है कि उनके नवगीतों में लोकजीवन का चित्रण एक साथ आत्मीय, यथार्थपरक और संवेदनात्मक बन पड़ा है।

उनके यहाँ गाँव की स्मृति आधुनिक जीवन की संवेदनहीनता के बरक्स एक सांस्कृतिक आश्रय के रूप में उभरती है। नवगीत ‘मानस गंगा’ में गाँव से आए माता-पिता के माध्यम से कवि ने लोक-संस्कृति की आत्मीय ऊष्मा को अत्यंत प्रभावपूर्ण ढंग से व्यक्त किया है—“मेड़ों-खेतों की चर्चा में / सारा दिन बीता / मानस की चौपाई जागी / बोल उठी गीता।“ — (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 88) इन पंक्तियों में "मेड़ों-खेतों" का उल्लेख केवल ग्रामीण जीवन की स्मृति नहीं है, बल्कि उस जीवन-संस्कृति का प्रतीक है जिसमें मनुष्य प्रकृति, श्रम और संबंधों से गहरे जुड़ा हुआ था। "मानस की चौपाई" और "गीता" जैसे सांस्कृतिक प्रतीक लोकजीवन की आध्यात्मिक और नैतिक चेतना को अभिव्यक्त करते हैं। यहाँ गाँव भारतीय संस्कृति और लोकमूल्यों का जीवंत केन्द्र बनकर उभरता है।

ऋषि कुमार मिश्र के लोक-बोध का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि वे ग्रामीण जीवन के भीतर उत्पन्न सामाजिक विघटन और राजनीतिक हस्तक्षेप को गहरी चिंता के साथ देखते हैं। नवगीत ‘रोटी-दाल गयी’ में वे लिखते हैं—“पंचायत के इस चुनाव में / ऐसी रार हुई / तनातनी में बंद परस्पर / राम-जुहार हुई।“ (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 30) इन पंक्तियों में पंचायत चुनावों के कारण गाँवों में बढ़ती कटुता और सामाजिक विभाजन का यथार्थ अत्यंत मार्मिक रूप में व्यक्त हुआ है। "राम-जुहार" ग्रामीण जीवन की आत्मीय अभिवादन-परंपरा का प्रतीक है, जो अब राजनीतिक तनाव के कारण समाप्त होती जा रही है।

इसी गीत में आगे कवि लिखते हैं—“कोर्ट कचहरी भी करता तो / क्या पाता दुखिया / जिसने बेटी जप ली / उसके पीछे था मुखिया / आई पुलिस और पापों पर / पर्दा डाल गयी।“ यहाँ कवि ग्रामीण समाज में राजनीति, सत्ता और प्रशासन के गठजोड़ की ओर संकेत करता है। लोकजीवन, जो कभी आत्मीयता और नैतिकता का केंद्र था, अब सत्ता-संघर्ष और भ्रष्ट व्यवस्था की चपेट में आता दिखाई देता है।

ऋषि कुमार मिश्र के गीत भारतीय लोक-संस्कृति और सांस्कृतिक मूल्यों के भी सशक्त संवाहक हैं। "जगमग दीप जले" में दीपावली केवल धार्मिक उत्सव नहीं रह जाती, बल्कि सामाजिक समरसता और लोकमंगल का प्रतीक बन जाती है—“सभी समान रूप से रोशन / महल और मड़ियाँ।“ (खाकी मिट्टी, पृ. 22) इन पंक्तियों में आर्थिक विषमता से ऊपर उठकर सामाजिक समानता की भावना व्यक्त हुई है। आगे कवि लिखते हैं—“जन-जन के मन मिले परस्पर / प्रेम प्रदीप तले।“ तथा—“ज्ञान, विवेक, बुद्धि, समता से / पूत करे सबका मन।“ (खाकी मिट्टी, पृ. 22) यहाँ दीप भारतीय लोक-संस्कृति में प्रेम, सौहार्द, नैतिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक बन जाता है।

इसी प्रकार "सारी धरती अपना घर है" में कवि भारतीय संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के आदर्श को स्वर देता है—“मनुज मात्र से भाईचारा / यह ही है आदर्श हमारा।“ (खाकी मिट्टी, पृ. 16) तथा—अलग-अलग सबके मन्दिर हों / एक मगर सबका ईश्वर है। (खाकी मिट्टी, पृ. 16) ये पंक्तियाँ धार्मिक सहिष्णुता, सांस्कृतिक उदारता और मानवीय एकात्मता की संवेदना को अभिव्यक्त करती हैं।

उनके नवगीतों में लोक-संवेदना का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष श्रमशील जीवन के प्रति सम्मान भी है। किसान, श्रमिक और साधारण जन उनके यहाँ दया के पात्र नहीं, बल्कि जीवन की वास्तविक शक्ति और संस्कृति के संवाहक हैं। मिट्टी, श्रम और जीवन-संघर्ष से जुड़ी यह संवेदना उनके गीतों को गहरी मानवीय ऊष्मा प्रदान करती है।

लोकजीवन के चित्रण में उनकी भाषा भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वे देशज शब्दों, लोक-प्रयोगों और ग्रामीण मुहावरों का अत्यंत स्वाभाविक प्रयोग करते हैं। "राम-जुहार", "तनातनी", "गरियाना", "मरजाद", "अबे-तबे" जैसे शब्द उनके नवगीतों में लोकजीवन की वास्तविक गंध और जीवंतता भर देते हैं। इन शब्दों के कारण उनकी कविता केवल लोक का वर्णन नहीं करती, बल्कि स्वयं लोक की भाषा में बोलती हुई प्रतीत होती है।

इस प्रकार ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों में लोकजीवन की उपस्थिति केवल अतीत की स्मृति या ग्रामीण सौन्दर्य तक सीमित नहीं है। वे लोक को भारतीय जीवन-मूल्यों, सांस्कृतिक अस्मिता और मानवीय आत्मीयता के रूप में देखते हैं। आधुनिक महानगरीय जीवन की कृत्रिमता, अकेलेपन और संवेदनहीनता के बीच लोक उनके यहाँ मनुष्य को बचाए रखने वाली शक्ति के रूप में उभरता है। फलतः उनके नवगीतों में लोकजीवन और लोक-संवेदना का चित्रण अत्यंत व्यापक, यथार्थपरक और जीवन-सापेक्ष है। लोक उनके यहाँ केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन-दृष्टि, सांस्कृतिक चेतना और मानवीय मूल्यों का आधार है। यही विशेषता उन्हें समकालीन हिन्दी नवगीत की लोकधर्मी परंपरा में विशिष्ट स्थान प्रदान करती है।

समकालीन सामाजिक यथार्थ और प्रतिरोध चेतना

 

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों का एक महत्त्वपूर्ण और उल्लेखनीय पक्ष समकालीन सामाजिक यथार्थ के प्रति उनकी सजग दृष्टि तथा उसके भीतर से विकसित होने वाली प्रतिरोध-चेतना है। आँगन में कल्पवृक्ष और खाकी मिट्टी दोनों संग्रहों में कवि अपने समय की सामाजिक विसंगतियों, राजनीतिक विडम्बनाओं, बाजारवादी मानसिकता, संबंधों के क्षरण, नैतिक मूल्यों के अवमूल्यन तथा मनुष्य की बढ़ती संवेदनहीनता को गहरी आलोचनात्मक दृष्टि से देखता है। किंतु उनका काव्य केवल विसंगतियों का बयान नहीं करता; उसके भीतर व्यवस्था और मूल्य-संकट के प्रतिरोध के साथ-साथ मानवीयता, समता, भाईचारे और लोकमंगल की पुनर्स्थापना की आकांक्षा भी निरंतर सक्रिय रहती है।

 

समकालीन समाज में आर्थिक स्वार्थ के कारण आत्मीय संबंधों के विघटन को वे अत्यंत मार्मिक ढंग से रेखांकित करते हैं। आँगन में कल्पवृक्ष के ‘अपनी पहचान’ गीत में वे लिखते हैं— “दौलत की खातिर अपनों से / कटे सयाने लोग / गाँव-गाँव में फैल गया है / बँटवारे का रोग।” (आँगन में कल्प वृक्ष, पृ. 102)। यहाँ ‘दौलत’ केवल आर्थिक संपन्नता का प्रतीक नहीं है, बल्कि उस स्वार्थपरक मानसिकता का संकेत है जिसमें मनुष्य अपने ही लोगों से कटता चला जाता है। ‘सयाने’ शब्द में कवि का व्यंग्य निहित है। जिसे आधुनिक समाज व्यावहारिक बुद्धिमत्ता और सफलता समझता है, कवि उसी को मानवीय संबंधों के विघटन और आत्मीयता के क्षरण के रूप में देखता है। आगे इसी गीत में कवि सांस्कृतिक और मानवीय मूल्यों की स्मृति को पुनर्स्थापित करते हुए लिखता है— “मानवता के रंग भरे हैं / पावन चित्रों में / बहती रही सदा करुणा की / गंगा गीतों में।” (पृ. 102)। इस प्रकार सामाजिक यथार्थ-बोध के साथ मूल्य-संरक्षण की चेतना भी जुड़ जाती है।

 

बाजारवादी व्यवस्था और आर्थिक स्वार्थ के बढ़ते प्रभाव पर कवि का व्यंग्य और अधिक तीखा हो जाता है। आँगन में कल्पवृक्ष के ‘श्येनवंशी’ गीत में वे लिखते हैं— “इश्तिहारों की चमक / अखबार में / मूल्य सारे बिक गए / बाजार में / लोग नंगे हैं / मगर रंगबाज हैं।” (आँगन में कल्प वृक्ष, पृ. 78)। यहाँ ‘बाजार’ केवल वस्तुओं के क्रय-विक्रय का स्थल नहीं रह जाता, बल्कि वह ऐसी सामाजिक व्यवस्था का प्रतीक बन जाता है जिसमें मानवीय मूल्य भी बिकाऊ वस्तु बन जाते हैं। ‘मूल्य सारे बिक गए’ में नैतिक और सामाजिक मूल्यों के वस्तुकरण की विडम्बना व्यक्त हुई है।

 

राजनीतिक व्यवस्था के प्रति कवि की आलोचनात्मक दृष्टि आँगन में कल्पवृक्ष के ‘सत्तर साला लोकतंत्र’ में स्पष्ट दिखाई देती है। कवि लोकतांत्रिक व्यवस्था की औपचारिकता और उसके भीतर व्याप्त जड़ता पर व्यंग्य करते हुए लिखते हैं— “सत्तर साला लोकतंत्र में / हम इतना जाने / भीड़ लगाना नारे दुहराना / बाँटें ताने।” (पृ. 85)। आगे वे कहते हैं— “खाली कारतूस जैसे हम / अब तक नहीं दगे ......... बंद किवाड़ों के पीछे सब / साँठ-गाँठ चलती।” (पृ. 85)। इन पंक्तियों में लोकतंत्र की उस विडम्बना को उद्घाटित किया गया है जिसमें जनभागीदारी का स्वरूप केवल भीड़, नारे और राजनीतिक प्रदर्शन तक सीमित होता जा रहा है, जबकि वास्तविक सत्ता-संरचना के भीतर स्वार्थ और साँठ-गाँठ सक्रिय रहती है।

 

राजनीति और सत्ता के चरित्र पर कवि की दृष्टि ‘शासन की चाबी’ में भी दिखाई देती है। वे लिखते हैं— “जिस दल में पद मिलता / जाकर उस दल से वह जुड़ता / कुर्सी तक जाने की सीढ़ी / उसकी खातिर जनता।” (आँगन में कल्प वृक्ष, पृ. 60)। यहाँ सत्ता-लिप्सा और अवसरवादी राजनीति पर सीधा प्रहार है। जनता, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था का मूल आधार है, राजनीतिक व्यक्ति के लिए केवल सत्ता तक पहुँचने का माध्यम बन जाती है। इसी गीत में कवि वर्तमान राजनीतिक प्रतिनिधित्व की विडम्बना को रेखांकित करते हुए लिखते हैं— “वर्तमान में संसद वाले / ही राजे महाराजे .......... पैर तले पैरिस है / आबूधाबी हैं।” (आँगन में कल्प वृक्ष, पृ. 60)। इस प्रकार कवि लोकतांत्रिक संस्थाओं में सामंती मानसिकता और सत्ता-केन्द्रित राजनीति के प्रवेश पर प्रश्न उठाता है।

 

न्याय-व्यवस्था के संकट और सामाजिक असमानता का चित्रण भी कवि के सामाजिक यथार्थ-बोध का महत्त्वपूर्ण पक्ष है। ‘समय लगेगा’ गीत में वे न्याय-प्रक्रिया की धीमी गति को व्यंग्यपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करते हैं— “आयोग फैसला / अदालत जारी है / धीरे चलता है / अमला सरकारी है / अपने पैरों पर हम / खड़े हुए तो हैं / कुछ तो समय लगेगा / तनकर चलने में।” (आँगन में कल्प वृक्ष, पृ. 67)। यहाँ न्याय की संस्थागत प्रक्रिया, सरकारी तंत्र की शिथिलता और आम आदमी की प्रतीक्षा—तीनों एक साथ उपस्थित हैं। कवि व्यवस्था की आलोचना करते हुए भी अंततः परिवर्तन की संभावना को नकारता नहीं; ‘कुछ तो समय लगेगा’ में धैर्य और संघर्ष से परिवर्तन की आशा निहित है।

 

इसी प्रकार खाकी मिट्टी में सामाजिक यथार्थ का दूसरा और अधिक सकारात्मक पक्ष सामने आता है। यहाँ कवि विभाजन और वैमनस्य के बरक्स मानवीय एकता तथा विश्वबंधुत्व की स्थापना करता है। ‘सारी धरती अपना घर है’ गीत में वे स्पष्ट घोषणा करते हैं— “मनुज मात्र से भाईचारा / यह ही है आदर्श हमारा।” (पृ. 16)। आगे वे धार्मिक विविधता के भीतर एकता की भावना को व्यक्त करते हुए लिखते हैं— “अलग-अलग सबके मंदिर हों, / एक मगर सबका ईश्वर है।” (पृ. 16)। इन पंक्तियों में कवि का दृष्टिकोण सांप्रदायिक विभाजन से ऊपर उठकर सार्वभौमिक मानवीयता की प्रतिष्ठा करता है। यहाँ प्रतिरोध किसी धर्म या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि विभाजनकारी मानसिकता के विरुद्ध है।

 

व्यक्ति की मुक्ति और सामाजिक बंधनों के प्रतिरोध की चेतना खाकी मिट्टी के ‘असह हुई जीवन की पीड़ा’ गीत में दिखाई देती है। कवि लिखते हैं— “जितने कठिन, दुःसह जगबन्धन / उन्हें तोड़ने को आकुल मन / हुई न क्या उन्मुक्त, मत ज्यादा विष पीकर मीरा।” (पृ. 32)। ‘जगबन्धन’ यहाँ केवल व्यक्तिगत कठिनाइयों का संकेत नहीं है; यह उन सामाजिक, मानसिक और रूढ़िगत बंधनों का व्यापक प्रतीक है जो मनुष्य की स्वतंत्र चेतना और स्वाभाविक जीवन को बाधित करते हैं। ‘उन्हें तोड़ने को आकुल मन’ में मुक्ति की सक्रिय आकांक्षा है। इसलिए यह गीत पीड़ा के साथ-साथ प्रतिरोध और आत्ममुक्ति का भी गीत बन जाता है।

 

इस प्रकार आँगन में कल्पवृक्ष और खाकी मिट्टी को समग्रता में देखने पर स्पष्ट होता है कि ऋषि कुमार मिश्र का सामाजिक यथार्थ-बोध बहुस्तरीय है। एक ओर वे आर्थिक स्वार्थ, संबंध-विघटन, बाजारवाद, राजनीतिक अवसरवाद, लोकतांत्रिक संस्थाओं की जड़ता और न्याय-व्यवस्था की विसंगतियों को उजागर करते हैं; दूसरी ओर वे भाईचारे, समता, प्रेम, सांस्कृतिक चेतना, लोकमंगल और मानवीय एकता को उसके प्रतिपक्ष के रूप में स्थापित करते हैं। उनके यहाँ प्रतिरोध केवल आक्रोश या निषेध नहीं है। वह मूल्य-संपन्न और रचनात्मक प्रतिरोध है, जो विघटित सामाजिक जीवन के भीतर से पुनः मनुष्यता की खोज करता है।

 

अतः ऋषि कुमार मिश्र के नवगीत समकालीन समय की विसंगतियों के दस्तावेज मात्र नहीं हैं। वे अपने समय के नैतिक और सामाजिक संकटों के प्रति सजग हस्तक्षेप करते हुए मनुष्य को उसकी मानवीय पहचान की ओर लौटने का आह्वान करते हैं। यही सामाजिक यथार्थ और मूल्य-प्रतिरोध का समन्वय उनके नवगीतों को समकालीन नवगीत परंपरा में विशिष्ट अर्थवत्ता प्रदान करता है।

 

परम्परा, आधुनिकता और पारिवारिक चेतना

 

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीत-संसार में परम्परा, आधुनिकता और पारिवारिक चेतना परस्पर विरोधी अवधारणाएँ नहीं हैं, बल्कि जीवन के ऐसे तीन आयाम हैं जिनके बीच कवि निरन्तर संवाद स्थापित करता है। आँगन में कल्पवृक्ष में यह समन्वय विशेष रूप से दिखाई देता है। कवि एक ओर बदलते समय, विकास, शहरीकरण, तकनीकी जीवन और नई सामाजिक संरचनाओं को पहचानता है, तो दूसरी ओर भारतीय जीवन-परम्परा, पारिवारिक आत्मीयता, सांस्कृतिक स्मृति और मानवीय संबंधों को आधुनिक जीवन की आधारभूमि के रूप में देखता है। इसीलिए उनकी आधुनिकता अतीत-विमुख नहीं है और उनकी परम्परा जड़ या रूढ़ नहीं। दोनों के बीच कवि का रचनात्मक विवेक सक्रिय है।

 

ऋषि कुमार मिश्र के यहाँ परम्परा सबसे पहले स्मृति और सांस्कृतिक निरन्तरता के रूप में सामने आती है। आँगन में कल्पवृक्ष का शीर्षक ही इस दृष्टि से अर्थवान है। ‘आँगन’ भारतीय पारिवारिक और सांस्कृतिक जीवन का निकटतम प्रतीक है, जबकि ‘कल्पवृक्ष’ ऐसी जीवनदायी परम्परा का प्रतीक बन जाता है जिसकी छाया में स्मृतियाँ, संस्कार और संबंध फलते-फूलते हैं। संग्रह के गीतों में कवि बार-बार गाँव, घर, माँ, पिता, खेत, आँगन, लोक-जीवन और सांस्कृतिक प्रतीकों की ओर लौटता है। यह वापसी अतीत में पलायन नहीं, बल्कि वर्तमान की विसंगतियों के बीच जीवन-मूल्यों की तलाश है।

परम्परा की यह चेतना ‘आखिर जलना है’ गीत में भी दिखाई देती है। यहाँ अतीत और वर्तमान के बीच संबंध स्थापित करते हुए इतिहास को केवल बीते समय के दस्तावेज के रूप में नहीं, बल्कि मनुष्य की सांस्कृतिक स्मृति और जीवन-बोध से जुड़ी अनुभूति के रूप में देखा गया है। गीत की पंक्तियाँ— “जिस स्याही से पतझर लिखा / उससे ही मधुमास लिखा / विधना ने अपने हाथों से / यह इतिहास लिखा।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 12)—जीवन के सुख-दुःख, क्षय और सृजन को एक ही ऐतिहासिक निरन्तरता में रखती हैं। यहाँ ‘इतिहास’ अतीत में स्थिर कोई मृत स्मृति नहीं, बल्कि जीवन की निरंतर चलने वाली प्रक्रिया का प्रतीक है। इस दृष्टि से परम्परा वर्तमान को अपनी जड़ों और सामूहिक स्मृति से जोड़ने वाली सक्रिय चेतना बन जाती है।

इसी परम्परा-बोध का एक अन्य महत्त्वपूर्ण रूप ‘दीपक राग’ में मिलता है। कवि प्रकाश को बाहरी आडम्बर के बजाय आंतरिक विश्वास और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ता है— “तप का तेल नेह की बाती / लौ पावन विश्वास / जिस दीपक में, दीप वही / रचता युग इतिहास।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 34)। यहाँ ‘दीपक’ भारतीय सांस्कृतिक परम्परा का परिचित प्रतीक होते हुए भी केवल धार्मिक अनुष्ठान का उपकरण नहीं रह जाता। वह तप, विश्वास, कर्म और सृजन के माध्यम से इतिहास-निर्माण की चेतना का प्रतीक बन जाता है। इस प्रकार ऋषि कुमार मिश्र के यहाँ परम्परा अतीत की जड़ स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान जीवन को आलोकित करने और भविष्य के निर्माण को दिशा देने वाली जीवंत सांस्कृतिक शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित होती है।

ऋषि कुमार मिश्र की आधुनिकता का महत्त्वपूर्ण पक्ष यह है कि वे आधुनिक जीवन की उपलब्धियों को स्वीकार करते हुए उसके अंतर्विरोधों को भी पहचानते हैं। ‘विकास’ गीत में आधुनिक विकास की चमक और उसके सामाजिक परिणामों के बीच का विरोधाभास अत्यंत तीखे ढंग से सामने आता है। कवि लिखते हैं— “कल तक जिनको गिना जा रहा / था वागीशों में / दुबक गए हैं उनके चेहरे / काले शीशों में।” और आगे— “अब थानों में नहीं / आदमी मिलता ‘पीसों’ में।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 58)। यहाँ विकास की प्रक्रिया केवल भौतिक परिवर्तन नहीं रह जाती; वह गाँव और मनुष्य के संबंधों को भी प्रभावित करती है। ‘काले शीशों’ और ‘पीसी’ जैसे आधुनिक बिंब ग्रामीण जीवन में प्रवेश करती नई व्यवस्था के प्रतीक हैं। कवि विकास का विरोध नहीं करता, बल्कि उस विकास की आलोचना करता है जिसमें मनुष्य और उसकी सामाजिक संवेदना पीछे छूट जाती है।

 

आधुनिकता की इसी आलोचनात्मक दृष्टि का एक और रूप ‘टेढ़ी चाल’ में मिलता है। इस गीत में कवि पारम्परिक जीवन और नई तकनीकी सभ्यता के बीच बदलते संबंधों को अत्यंत सहज बिंबों में प्रस्तुत करता है। वह लिखता है— “आसमान में अब न परिन्दे / एस.एम.एस. उड़ते हैं / इंटरनेट पर रिश्ते बनते / और बिगड़ते हैं।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 98)। यह पंक्ति आधुनिक जीवन की सबसे बड़ी विडम्बना को पकड़ती है—संचार के साधन बढ़े हैं, किंतु संबंधों की आत्मीयता उसी अनुपात में नहीं बढ़ी। ‘इंटरनेट पर रिश्ते’ आधुनिक तकनीकी सभ्यता की उपलब्धि भी हैं और मानवीय संबंधों के आभासी होने का संकेत भी। इस प्रकार कवि तकनीक को नकारता नहीं, बल्कि उसके कारण बदलते संबंध-संसार को प्रश्नांकित करता है।

 

आधुनिक जीवन में कृत्रिमता और उपभोक्तावादी संस्कृति के प्रवेश को ‘झूठे इश्तिहार’ गीत में भी देखा जा सकता है। कवि लिखते हैं— “उजले-उजले दामन कितने / दागदार निकले / जैसे अख़बारों में झूठे / इश्तिहार निकले।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 38)। यहाँ ‘इश्तिहार’ आधुनिक बाजार-व्यवस्था का प्रतीक है, जबकि ‘उजले दामन’ के भीतर छिपे ‘दाग’ आधुनिक जीवन की कृत्रिम चमक को उद्घाटित करते हैं। इसी गीत में सांस्कृतिक विडम्बना और अधिक गहरी हो जाती है— “सड़ी-गली कहकर / संस्कृति से पीढ़ी ऊब रही / ऐसी आई बाढ़ कि / घर की सीढ़ी डूब रही।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 38)। ‘घर की सीढ़ी’ यहाँ केवल भौतिक संरचना नहीं, बल्कि परिवार और संस्कृति के बीच संबंध का प्रतीक है। आधुनिकता जब अपनी सांस्कृतिक स्मृति से विमुख होती है, तो संकट अंततः घर के भीतर पहुँचता है।

 

पारिवारिक चेतना ऋषि कुमार मिश्र के काव्य में भावुक स्मृति मात्र नहीं है, बल्कि वह जीवन-मूल्यों की एक ऐसी संरचना है जिसमें माता-पिता, घर, गाँव और अगली पीढ़ी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। ‘माँ’ गीत इस दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। कवि माँ के श्रम, सादगी और संतोष को स्मरण करते हुए लिखते हैं— “पर अपनी थाली में तूने / रोटी नून परोसा माँ।” तथा— “थोड़ी जोत, कमाई थोड़ी / थोड़े में संतोष किया।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 39)। यहाँ माँ केवल पारिवारिक पात्र नहीं है; वह उस जीवन-दृष्टि की प्रतिनिधि है जिसमें सीमित साधनों के भीतर भी संतोष, श्रम और आत्मीयता का संसार निर्मित होता है।

 

इसी गीत में बदलते समय और नई पीढ़ी के संबंधों की ओर संकेत करते हुए कवि लिखता है— “पढ़-लिखकर अपने बच्चे / काबिल निकलेंगे जी / सब के दिन बदले हैं / अपने भी बदलेंगे जी।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 39)। यहाँ आधुनिक शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन को कवि नकारता नहीं। बल्कि वह स्वीकार करता है कि समय के साथ परिवार की परिस्थितियाँ बदली हैं और नई पीढ़ी आगे बढ़ी है। इस प्रकार कवि की पारिवारिक चेतना आधुनिकता-विरोधी नहीं है; वह चाहता है कि प्रगति हो, लेकिन उस प्रगति का संबंध अपनी पारिवारिक और सांस्कृतिक स्मृति से बना रहे।

 

परिवार और आधुनिकता के बीच तनाव का सबसे मार्मिक चित्र ‘नकली दुनिया’ में दिखाई देता है। कवि आधुनिक सामाजिक व्यवहार की बनावट पर प्रश्न करते हुए लिखते हैं— “कैसा घर-परिवार, न जाने किस समाज का हिस्सा / इसका हर सदस्य लगता है षड्यंत्रों का हिस्सा।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 72)। यहाँ ‘घर-परिवार’ का पारंपरिक आत्मीय अर्थ बदलता हुआ दिखाई देता है। परिवार मौजूद है, किंतु उसके भीतर पारस्परिक विश्वास का क्षरण हो रहा है। आगे कवि ‘विकृति’ और ‘अपसंस्कृति’ के फैलाव की ओर संकेत करता है। इस प्रकार पारिवारिक चेतना उनके यहाँ आदर्शवादी चित्रण नहीं, बल्कि बदलते पारिवारिक संबंधों की आलोचनात्मक पड़ताल भी है।

 

परिवार के विघटन का एक अन्य मार्मिक रूप ‘टुकड़े-टुकड़े दिल’ में मिलता है। कवि आधुनिक जीवन की व्यस्तताओं और आर्थिक आवश्यकताओं के कारण बदलते पारिवारिक संबंधों को इस प्रकार व्यक्त करता है— “बाप करे नौकरी / नौकरी करती है माई / घर रखते नौकर / बच्चों को पाल रही दाई।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 55)। यह दृश्य आधुनिक मध्यवर्गीय जीवन की बदलती संरचना का प्रतिनिधित्व करता है। माता-पिता दोनों रोजगार में हैं, बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी दूसरे हाथों में चली गई है और परिवार की पारंपरिक संरचना धीरे-धीरे परिवर्तित हो रही है। कवि इसे मात्र सामाजिक परिवर्तन के रूप में नहीं देखता; उसके भीतर छिपी आत्मीयता की कमी को भी महसूस करता है।

 

माँ की स्मृति और गाँव से शहर की दूरी को ‘सूनी-सूनी आँखें’ में अत्यंत मार्मिक स्वर मिलता है। गीत में माँ गाँव में रहकर अपने दूर हुए बेटे की प्रतीक्षा करती है— “गाँव शहर के बीच / एक लम्बी-सी दूरी है / बेटों की नौकरी / हाय कितनी मजबूरी है।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 84)। आगे घर के सन्नाटे और प्रतीक्षा का वातावरण गहरा होता जाता है। यह गीत केवल प्रवास या शहरीकरण की कथा नहीं है; यह उस भावात्मक दूरी का चित्र है जो आधुनिक जीवन की भौतिक गतिशीलता ने परिवारों के बीच उत्पन्न कर दी है।

 

आधुनिकता के प्रभाव में पारिवारिक संबंधों के बदलते स्वरूप को ‘रोबोट’ में एक अलग ढंग से देखा जा सकता है। कवि लिखते हैं— “पुरानी पोथियों के नित्य / नूतन संस्करण निकले / नहीं बदले जरा भी हम / हमारे आवरण बदले।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 103)। यह कथन परम्परा और आधुनिकता के पूरे संबंध को समझने की कुंजी है। बाहरी रूप बदल गया है, जीवन-शैली बदल गई है, साधन बदल गए हैं, लेकिन मनुष्य के भीतर मौजूद अनेक पुरानी प्रवृत्तियाँ जस की तस बनी हुई हैं। कवि का प्रश्न इसलिए बाहरी आधुनिकता से अधिक आंतरिक परिवर्तन पर है। आगे वह स्पष्ट रूप से पूछता है— “जरा सोचो मिला हमको / भला क्या आधुनिक होकर...” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 103)। यहाँ आधुनिकता को आत्ममंथन और मूल्यबोध से जोड़ने की आवश्यकता सामने आती है।

 

इस संदर्भ में ऋषि कुमार मिश्र की काव्य-दृष्टि का सबसे सार्थक पक्ष यह है कि वे परम्परा को संग्रहालय की वस्तु और आधुनिकता को फैशन की वस्तु नहीं बनने देते। उनके लिए परम्परा का अर्थ है—माँ की स्मृति, घर की आत्मीयता, गाँव की सांस्कृतिक चेतना, विश्वास, श्रम, संतोष और मानवीय संबंध; जबकि आधुनिकता का अर्थ केवल इंटरनेट, विकास और बदलती जीवन-शैली नहीं, बल्कि बदलते समय के प्रति विवेकपूर्ण दृष्टि भी है। आँगन में कल्पवृक्ष का कवि इसीलिए दोनों को आमने-सामने रखकर उनके बीच से एक मानवीय जीवन-दृष्टि विकसित करता है।

 

स्त्री-विमर्श और नारी-संवेदना

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों में स्त्री-विमर्श किसी घोषणात्मक वैचारिक आंदोलन के रूप में नहीं, बल्कि जीवन के सहज अनुभवों और मानवीय संबंधों की संवेदनात्मक भूमि पर विकसित हुआ है। आँगन में कल्पवृक्ष में स्त्री कभी माँ के रूप में स्मृति और वात्सल्य की आधारभूमि बनती है, कभी परिवार के बदलते ढाँचे में उपेक्षा और अकेलेपन को सहती हुई दिखाई देती है और कभी सामाजिक-राजनीतिक व्यवस्था की विडम्बनाओं के बीच अपने अस्तित्व का प्रतिनिधित्व करती है। इसीलिए ऋषि कुमार मिश्र की नारी-संवेदना को केवल प्रेमगीतों के संदर्भ में देखना उनके काव्य-संसार को सीमित कर देना होगा। उनके यहाँ स्त्री का संबंध परिवार, समाज, संस्कृति और बदलते जीवन-मूल्यों से भी गहरे स्तर पर जुड़ा हुआ है।

माता के रूप में स्त्री की उपस्थिति कवि के यहाँ विशेष रूप से मार्मिक है। आँगन में कल्पवृक्ष के ‘सूनी सूनी आँखें’ गीत में माँ प्रतीक्षा, अकेलेपन और पारिवारिक विछोह की प्रतिमा बन जाती है। कवि लिखते हैं— “यादों की गहरी खाई में / झाँक रही हैं माँ / सूनी आँखों से घर भर को / ताक रही हैं माँ।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 84)। यहाँ माँ केवल वात्सल्य देने वाली पारंपरिक माता नहीं है; वह बदलते सामाजिक जीवन में पीछे छूट गए उस पारिवारिक संसार का प्रतीक है, जिसकी निगाहें अपने बिखरे हुए परिवार को खोज रही हैं। ‘सूनी आँखें’ और ‘गहरी खाई’ के बिंब माँ की भावनात्मक स्थिति को अत्यंत प्रभावशाली बनाते हैं।

ऋषि कुमार मिश्र के यहाँ स्त्री-संवेदना का एक महत्त्वपूर्ण आयाम परिवार की बदलती संरचना है। ‘टुकड़े-टुकड़े दिल’ का चित्र आधुनिक परिवार में स्त्री की बदलती भूमिका की ओर संकेत करता है। माँ अब केवल घरेलू दायित्वों तक सीमित नहीं है; वह रोजगार के क्षेत्र में भी सक्रिय है। किंतु इसके साथ बच्चों के पालन-पोषण और पारिवारिक आत्मीयता का प्रश्न भी सामने आता है। इस प्रकार कवि स्त्री के श्रम और उसकी बदलती सामाजिक भूमिका को एक व्यापक पारिवारिक संदर्भ में देखता है।

यहाँ यह बात विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि कवि आधुनिक स्त्री की स्थिति को केवल भावुकता से नहीं देखता। माँ का नौकरी करना आधुनिक जीवन की अनिवार्यता है, लेकिन उसके परिणामस्वरूप परिवार के भावात्मक ढाँचे में जो परिवर्तन आते हैं, वे कवि की चिंता का विषय हैं। इस दृष्टि से उनकी नारी-संवेदना परम्परा बनाम आधुनिकता के द्वंद्व को भी अपने भीतर समेटती है। स्त्री को घर की चारदीवारी में सीमित रखने की दृष्टि यहाँ नहीं है; बल्कि बदलते सामाजिक जीवन में उसके सामने उपस्थित नई जिम्मेदारियों और नई परिस्थितियों को समझने की कोशिश है।

नारी के सामाजिक यथार्थ का अधिक तीखा और व्यंग्यात्मक रूप ‘अफ़सर अफलातून’ में दिखाई देता है। कवि लिखते हैं— “रातों को नारीगृह में / होता नारी कल्याण / माल रोड़ पर मौज उड़ाते / अफसर अफलातून।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 57)। यहाँ ‘नारी कल्याण’ की सरकारी और संस्थागत भाषा तथा वास्तविक सामाजिक व्यवहार के बीच का विरोधाभास उजागर होता है। कवि का व्यंग्य इस बात पर है कि स्त्री के कल्याण के नाम पर योजनाएँ और घोषणाएँ तो बहुत हैं, लेकिन सत्ता और प्रशासनिक तंत्र के भीतर स्त्री के वास्तविक हित के प्रति कितनी संवेदनशीलता है, यह प्रश्न बना रहता है। इस प्रकार नारी-संवेदना यहाँ करुणा से आगे बढ़कर सामाजिक और राजनीतिक आलोचना का रूप ग्रहण करती है।

स्त्री की सामाजिक स्थिति को समझने के लिए कवि का ग्रामीण परिवेश-बोध भी महत्त्वपूर्ण है। ‘आँकड़ों के मरहले’ में वे ग्रामीण जीवन की आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों के बीच स्त्रियों की स्थिति की ओर संकेत करते हैं— “कागजों में बाँध बनते / लहलहाती खेतियाँ / हक नहीं अनुदान पर / स्कूल जाती बेटियाँ।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 16)। ‘स्कूल जाती बेटियाँ’ का उल्लेख केवल शिक्षा का सामान्य चित्र नहीं है; यह ग्रामीण समाज में लड़की की बदलती स्थिति और शिक्षा के माध्यम से उसके संभावित सामाजिक विस्तार की ओर संकेत करता है। इस दृष्टि से कवि की नारी-संवेदना में बेटी शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की संभावना का बिंब उपस्थित तो है किन्तु यहाँ भी आँकड़ों का खेल विद्यमान है—“इस सदन से उस सदन तक / आँकड़ों के मरहले हैं।“

स्त्री की अस्मिता और पारिवारिक संबंधों की जटिलता प्रेम, दाम्पत्य और आत्मनिर्भरता के स्तर पर भी दिखाई देती है। खाकी मिट्टी के ‘प्यारे वह सिंदूर बनो तुम’ में “जिन आँखों में नीर भरा है / उन आँखों में नूर बनो तुम” (पृ. 36) के माध्यम से ‘सिंदूर’ को केवल दाम्पत्य-चिह्न न रखकर आशा, प्रकाश और सहचर्य का प्रतीक बनाया गया है। इसी गीत में पीड़ित और असहाय जनों के प्रति संवेदना प्रिय को व्यापक मानवीय उत्तरदायित्व से जोड़ती है।

खाकी मिट्टी में इसी प्रकार ‘अपने पैरों चलना सीखो’ में “वर्तमान में रहना सीखो” तथा “युगधारा में बहना सीखो” (पृ. 38) जैसी पंक्तियाँ आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की चेतना व्यक्त करती हैं। यद्यपि यह गीत प्रत्यक्षतः स्त्री को संबोधित नहीं है, फिर भी ‘अपने पैरों चलना’ का भाव स्त्री-अस्मिता की आधुनिक व्याख्या में आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन के प्रतीक के रूप में ग्रहण किया जा सकता है।

ऋषि कुमार मिश्र की नारी-दृष्टि का एक और महत्त्वपूर्ण पक्ष यह है कि वे स्त्री को सामाजिक संवेदना की कसौटी के रूप में देखते हैं। उनके यहाँ माँ का अकेलापन, बेटी का बदलता सामाजिक जीवन, नौकरी करती माँ, दाम्पत्य में आश्वस्ति की आवश्यकता और ‘नारी कल्याण’ की खोखली संस्थागत भाषा—ये सभी अलग-अलग प्रसंग नहीं हैं। इनके पीछे बदलते भारतीय समाज की वह संरचना है जिसमें स्त्री की पारंपरिक भूमिकाएँ और आधुनिक भूमिकाएँ निरंतर पुनर्गठित हो रही हैं। कवि इसी संक्रमण को संवेदना और व्यंग्य दोनों के माध्यम से पकड़ता है।

इस संदर्भ में आँगन में कल्पवृक्ष की नारी-संवेदना को तीन स्तरों पर समझा जा सकता है—पहला, माँ के रूप में स्त्री, जहाँ वह स्मृति, ममता और परिवार की भावात्मक धुरी है; दूसरा, बेटी और कामकाजी स्त्री के रूप में, जहाँ आधुनिक सामाजिक परिवर्तन उसके जीवन में नए अवसरों के साथ नई दूरियाँ भी पैदा करता है; और तीसरा, सामाजिक व्यवस्था के संदर्भ में स्त्री, जहाँ ‘नारी कल्याण’ जैसी घोषणाओं और वास्तविक जीवन के बीच का अंतर कवि के व्यंग्य का विषय बनता है। इन तीनों स्तरों को जोड़ने वाली केंद्रीय संवेदना मानवीय गरिमा और आत्मीय संबंधों की रक्षा है।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ऋषि कुमार मिश्र की नारी-दृष्टि में देहात्मकता की अपेक्षा संबंधात्मकता अधिक महत्त्वपूर्ण है। स्त्री को देखने का उनका प्रमुख कोण उसका बाह्य सौंदर्य नहीं, बल्कि उसके साथ जुड़ा भावात्मक और सामाजिक संसार है। माँ की सूनी आँखें, नौकरी करती माँ, घर से दूर बेटी और पीड़ितों के प्रति करुणा—ये सभी बिंब स्त्री को जीवन की सक्रिय संवेदनात्मक सत्ता के रूप में स्थापित करते हैं। इसीलिए उनके यहाँ नारी-संवेदना प्रेम की कोमलता से लेकर सामाजिक विडम्बना के व्यंग्य तक विस्तृत होती है।

निष्कर्षतः ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों में नारी-विमर्श प्रत्यक्ष नारीवादी घोषणाओं के रूप में भले ही सामने नहीं आता, किंतु उनकी रचनाओं में स्त्री की गरिमा, पारिवारिक महत्ता, सामाजिक स्थिति, श्रम, अकेलेपन और बदलती भूमिका के प्रति गहरी संवेदनशीलता विद्यमान है। आँगन में कल्पवृक्ष में ‘सूनी सूनी आँखें माँ की’ से लेकर नौकरी करती माँ और ‘नारी कल्याण’ की विडम्बना तक स्त्री जीवन के अनेक पक्ष उद्घाटित होते हैं। वहीं खाकी मिट्टी में दाम्पत्य और आत्मनिर्भरता से जुड़े बिंब इस संवेदना को अधिक व्यापक मानवीय धरातल प्रदान करते हैं। इस प्रकार ऋषि कुमार मिश्र की नारी-संवेदना न तो केवल आदर्शीकरण है और न केवल करुणा-चित्रण; वह बदलते सामाजिक जीवन में स्त्री की स्थिति को परिवार, संबंध, आधुनिकता और मानवीय गरिमा के संदर्भ में समझने वाली जीवन-सापेक्ष संवेदना है।

सांस्कृतिक अस्मिता और मूल्य-बोध

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों में सांस्कृतिक अस्मिता और मूल्य-बोध उनकी काव्य-दृष्टि की आधारभूत विशेषताओं में सम्मिलित हैं। आँगन में कल्पवृक्ष में संस्कृति उनके लिए केवल अतीत की स्मृतियों, धार्मिक प्रतीकों अथवा परम्परागत अनुष्ठानों का संग्रह नहीं है, बल्कि वह मनुष्य के आचरण, सामाजिक संबंधों, भाषा, विश्वास, करुणा, नैतिकता और सामूहिक जीवन को अर्थ देने वाली जीवन-दृष्टि है। इसीलिए उनके यहाँ सांस्कृतिक चेतना का स्वर कभी आत्मीय और स्मृतिपरक होता है तो कभी वह वर्तमान के मूल्य-संकट के विरुद्ध प्रतिरोध का रूप ग्रहण कर लेता है। कवि आधुनिकता को स्वीकार करता है, लेकिन ऐसी आधुनिकता को स्वीकार नहीं करता जो मनुष्य को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, भाषा और नैतिक विवेक से काट दे।

इस सांस्कृतिक चिंता का अत्यंत स्पष्ट रूप ‘तमसो माँ ज्योतिर्गमय’ गीत में दिखाई देता है। गीत में कवि केवल बाहरी अँधेरे को दूर करने की प्रार्थना नहीं करता, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में उपस्थित अंधकार की पहचान करता है। वह लिखता है— “अपनी संस्कृति परंपरा / कम तोली जाती है / अपनी भाषा छोड़ / विदेशी बोली जाती है।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 44)। यहाँ संस्कृति और भाषा को कवि एक-दूसरे से संबद्ध मानता है। भाषा केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक स्मृति और सामूहिक पहचान की वाहक है। इसलिए अपनी भाषा से दूरी कवि के लिए केवल भाषिक परिवर्तन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अस्मिता के क्षरण का संकेत है।

इसी गीत में सांस्कृतिक संकट का संबंध नैतिक संकट से भी जोड़ा गया है। कवि लिखता है— “जहाँ नीति का नहीं / अनैतिकता का डंका है / जहाँ राज्य से प्रजा त्रस्त / रावण की लंका है।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 44)। यहाँ ‘रावण की लंका’ पौराणिक प्रतीक होते हुए भी वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक व्यवस्था की नैतिक विडम्बना को व्यक्त करता है। इस प्रकार कवि भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों का उपयोग वर्तमान की आलोचना के लिए करता है। राम, रावण, धर्म, नीति आदि उसके लिए अतीत के पात्र मात्र नहीं, बल्कि नैतिक विवेक को समझने के सांस्कृतिक प्रतिमान हैं।

ऋषि कुमार मिश्र के यहाँ सांस्कृतिक मूल्य का संबंध आंतरिक शुचिता और मनुष्य के आचरण से भी है। ‘दीपक राग’ में दीपक भारतीय सांस्कृतिक परम्परा का परिचित प्रतीक है, किंतु कवि उसे बाहरी प्रकाश तक सीमित नहीं रखता। वह कहता है— “मन में मधुरा, मन में काशी / मन में चारों धाम / मन में अल्ला, मन में ईश्वर / मन में बसते राम।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 34)। यहाँ काशी, चारों धाम, ईश्वर और राम जैसे सांस्कृतिक प्रतीक मनुष्य के भीतर प्रतिष्ठित मूल्य-चेतना के प्रतीक बन जाते हैं। तीर्थ बाहर नहीं, मन के भीतर है; धार्मिकता कर्मकाण्ड में नहीं, बल्कि अंत:करण की निर्मलता में है। इस प्रकार कवि सांस्कृतिक परम्परा को आंतरिक नैतिक अनुशासन में रूपांतरित करता है।

सांस्कृतिक अस्मिता का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष धार्मिकता और नैतिकता के बीच अंतर को पहचानना भी है। ‘भव्य मंदिर : काली कमाई’ शीर्षक ही इस दृष्टि से अर्थपूर्ण है। कवि धार्मिक आडम्बर और नैतिक पतन के अंतर्विरोध को उद्घाटित करते हुए लिखता है— “राह सीधी नहीं चलते / लोग उल्टी चाल के / हो रहे हैं प्रतिष्ठापित / देवता कलिकाल के / भव्य मंदिर बन रहा / काली कमाई से।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 51)। यहाँ मंदिर भारतीय आस्था का प्रतीक है, किंतु ‘काली कमाई’ उसके साथ जुड़कर उस धार्मिक पाखंड को उजागर करती है जिसमें नैतिक साधनों की उपेक्षा करके धार्मिक प्रतिष्ठा अर्जित करने का प्रयास किया जाता है। कवि का मूल्य-बोध इस बाहरी धार्मिकता के बजाय आचरण की शुचिता को अधिक महत्त्व देता है।

इस संदर्भ में ‘अँधेरे शब्द’ गीत भी उल्लेखनीय है। कवि प्रश्न करता है— “जोड़ना काफी नहीं है / तोड़ना भी सीख / हाथ गर्दन को बढ़े / तो मोड़ना भी सीख।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 52)। इन पंक्तियों में मूल्य-बोध निष्क्रिय सदाशयता नहीं है। कवि के लिए मानवीयता का अर्थ केवल संबंध बनाना नहीं, बल्कि अन्याय और विघटनकारी शक्तियों के प्रतिरोध का साहस भी है। इस प्रकार सांस्कृतिक मूल्य उनके यहाँ सक्रिय नैतिक चेतना का रूप ग्रहण करते हैं।

भारतीय सांस्कृतिक जीवन में श्रद्धा, भक्ति और मानवीय संबंधों की जो परम्परा रही है, उसका सुंदर रूप ‘सपने पान-फूल के’ गीत में मिलता है। कवि लिखते हैं— “भक्ति भाव से भरा भरा मन / रोली अक्षत चन्दन है / देह प्राण का पावन रिश्ता / एक अनोखा बंधन है।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 81)। यहाँ ‘रोली’, ‘अक्षत’ और ‘चन्दन’ जैसे सांस्कृतिक प्रतीक केवल धार्मिक कर्मकाण्ड की सामग्री नहीं हैं; वे पवित्र संबंध, श्रद्धा और आत्मीयता के प्रतीक बन जाते हैं। ‘देह-प्राण का पावन रिश्ता’ मनुष्य के जीवन में संबंधों की नैतिक और भावात्मक गरिमा को स्थापित करता है।

कवि के मूल्य-बोध में सृजन, त्याग और कर्म का भी विशेष महत्त्व है। ‘बीतरागी राग’ में वे जीवन को यज्ञ और सृजन की प्रक्रिया के रूप में देखते हैं— “यज्ञ की समिधा बना / जीवन हवन चलता रहे / बीज बनकर गल गया / नित नव सृजन चलता रहे।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 80)। ‘यज्ञ’, ‘समिधा’ और ‘बीज’ तीनों भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों की पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन कवि उनका अर्थ आधुनिक जीवन के संदर्भ में विस्तृत करता है। जीवन की सार्थकता त्याग, समर्पण और निरंतर सृजन में है। इस प्रकार सांस्कृतिक प्रतीक जीवन-मूल्य में परिवर्तित हो जाते हैं।

इसी तरह ‘अपनी पहचान’ गीत में कवि सांस्कृतिक अस्मिता को नैतिक और मानवीय मूल्यों से जोड़ता है। वह लिखता है— “त्याग, तपस्या, प्रेम, शान्ति पर / रहा अटल विश्वास / पितृ वचन के हेतु राम ने / स्वीकारा वनवास।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 102)। यहाँ राम का वनवास किसी धार्मिक कथा की पुनरावृत्ति मात्र नहीं है। वह त्याग, वचनबद्धता और नैतिक उत्तरदायित्व के सांस्कृतिक आदर्श का प्रतीक बनता है। यहाँ सांस्कृतिक अस्मिता का स्वर किसी संकीर्ण सांस्कृतिक आग्रह में परिवर्तित नहीं होता। कवि की दृष्टि में अपनी संस्कृति से जुड़ना दूसरे से घृणा करना नहीं है। बल्कि अपनी परम्परा से प्राप्त प्रेम, करुणा, त्याग, शान्ति और मानवता जैसे मूल्यों को व्यापक मानवीय जीवन में प्रतिष्ठित करना है। इसीलिए आँगन में कल्पवृक्ष में भारतीय सांस्कृतिक प्रतीक बार-बार आधुनिक सामाजिक प्रश्नों के संदर्भ में प्रयुक्त होते हैं।

कवि के लिए सांस्कृतिक मूल्य केवल धार्मिक या आध्यात्मिक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। वे परिवार और सामाजिक संबंधों में भी सक्रिय हैं। ‘अपनी पहचान’ में राम के पितृ-वचन का प्रसंग हो अथवा ‘पिता’ गीत में पिता के श्रम, अनुशासन और जीवन-संघर्ष का चित्रण—दोनों ही स्थानों पर पारिवारिक संबंध नैतिक संस्कार के स्रोत बनते हैं। ‘पिता’ में कवि लिखते हैं— “दानी हरदम दान करे / ठग ठगे, लुटेरा लूटे / चाहे जितने जतन करो / पर, जाति स्वभाव न छूटे।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 46)। पिता का यह चरित्र केवल एक व्यक्ति का चित्रण नहीं है; वह श्रम, उदारता और स्वभावगत नैतिकता की सांस्कृतिक छवि प्रस्तुत करता है।

भाषा भी ऋषि कुमार मिश्र की सांस्कृतिक अस्मिता की अभिव्यक्ति का महत्त्वपूर्ण माध्यम है। आँगन में कल्पवृक्ष में संस्कृतनिष्ठ सांस्कृतिक शब्दों—जैसे ‘यज्ञ’, ‘समिधा’, ‘ईश्वर’, ‘राम’, ‘तीर्थ’, ‘रोली’, ‘अक्षत’, ‘चन्दन’, ‘करुणा’—के साथ लोक और ग्रामीण जीवन से जुड़े शब्दों का प्रयोग मिलता है। भूमिका में भी कवि के देशज और ग्रामीण जीवन से जुड़े भाषिक प्रयोगों तथा संस्कृत के तत्सम शब्दों के संतुलित प्रयोग की ओर संकेत किया गया है। इस भाषिक समन्वय के कारण उनकी सांस्कृतिक चेतना केवल विषय में नहीं, बल्कि उनकी अभिव्यक्ति की संरचना में भी उपस्थित रहती है।

समकालीन विमर्श और प्रतिरोध चेतना

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों में समकालीन विमर्श और प्रतिरोध चेतना किसी एक राजनीतिक विचारधारा अथवा घोषणात्मक नारे के रूप में उपस्थित नहीं होती, बल्कि जीवन के विविध क्षेत्रों में व्याप्त विसंगतियों के प्रति कवि के सजग नैतिक विवेक से निर्मित होती है। आँगन में कल्पवृक्ष के गीतों में राजनीतिक सत्ता, लोकतांत्रिक संस्थाएँ, प्रशासनिक तंत्र, बाजार, सामाजिक संबंध, उपभोक्तावाद, विकास की विडम्बना, आम आदमी की विवशता तथा सांस्कृतिक क्षरण जैसे अनेक प्रश्न एक-दूसरे से जुड़े हुए दिखाई देते हैं। कवि की विशेषता यह है कि वह इन स्थितियों को केवल दर्ज नहीं करता, बल्कि व्यंग्य, विडम्बना, लोक-बिंब और प्रतीकात्मक भाषा के माध्यम से उनके भीतर छिपे मूल्य-संकट को उजागर करता है। इसीलिए उनका प्रतिरोध आक्रोश से अधिक नैतिक और मानवीय प्रतिरोध बन जाता है।

आँगन में कल्पवृक्ष में राजनीतिक व्यवस्था की आलोचना का एक महत्त्वपूर्ण रूप सत्ता और जनसरोकारों के बीच बढ़ती दूरी के रूप में सामने आता है। ‘हाथ हिलाओ’ में कवि राजनीतिक और प्रशासनिक आडम्बर पर व्यंग्य करते हुए लिखता है— “संसद में हंगामा / लाठीचार्ज हुआ दरभंगा / सबने अपने हाथ धो लिए / देखो बहती गंगा।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 87)। यहाँ ‘संसद में हंगामा’ लोकतांत्रिक विमर्श के उस विकृत रूप का संकेत है जिसमें जनहित के प्रश्नों की जगह शोर, टकराव और राजनीतिक प्रदर्शन प्रमुख हो जाते हैं। ‘बहती गंगा’ का मुहावरेदार प्रयोग इस विडम्बना को और तीखा बनाता है।

इसी प्रकार ‘कागज की नाव’ में संसदीय राजनीति और सरकारी तंत्र के अंतर्विरोधों को कवि अधिक व्यंग्यात्मक ढंग से सामने लाता है। वह लिखता है— “कितना खर्चा किस मद में / चर्चा होगी संसद में / पास हुआ भारी अनुदान / जारी सरकारी फरमान।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 86)। आगे ‘मंत्री’, ‘विधायक’, ‘जाँच कमीशन’ और ‘नकली मूँछ-नकली ताव’ जैसे संकेतों के माध्यम से व्यवस्था के भीतर चलने वाली औपचारिकताओं और वास्तविक परिणामों के बीच की दूरी को रेखांकित किया गया है। यहाँ प्रतिरोध सीधे राजनीतिक नारे में नहीं, बल्कि व्यवस्था की कार्यप्रणाली को विडम्बनापूर्ण ढंग से उजागर करने में निहित है।

राजनीतिक सत्ता और आम आदमी के बीच की दूरी का एक और रूप ‘स्वप्नदर्शी’ में दिखाई देता है। कवि लिखता है— “जीवन सुस्मरणीय सदा / जिसमें हम सबके / दुःख में रो सकते हैं / सुख में गा सकते हैं।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 96)। परंतु इसी गीत में वह सत्ता-व्यवस्था की वास्तविकता की ओर संकेत करते हुए बताता है कि शासन की भाषा और सामान्य जनजीवन की आवश्यकताओं के बीच पर्याप्त अंतर है। इस प्रकार ‘संसदीय सत्ता’ यहाँ लोकतांत्रिक आकांक्षा और उसकी वास्तविक उपलब्धि—दोनों के बीच तनाव का प्रतीक बन जाती है।

समकालीन राजनीति में घोषणाओं और वास्तविकता के अंतर पर कवि का व्यंग्य ‘अच्छे दिन’ में अत्यंत तीखा हो जाता है। गीत में वह पूछता है— “कितने प्यारे लगते हैं / चेहरे हँसते-खिलते / देख रहे हैं हम / प्रश्नों के, समाधान मिलते।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 94)। किंतु इसी सकारात्मक प्रतीत होने वाले वातावरण के भीतर कवि राजनीतिक दावों और वास्तविक जनजीवन के बीच अंतर को उद्घाटित करता है। ‘अच्छे दिन’ यहाँ केवल आशावादी वाक्यांश नहीं, बल्कि उस राजनीतिक भाषा का व्यंग्यात्मक संकेत बन जाता है जिसमें भविष्य के आश्वासन वर्तमान की समस्याओं को ढँकने लगते हैं।

बाजार और सत्ता की इस मिली-जुली संरचना का सामाजिक परिणाम ‘नकली दुनिया’ में सामने आता है। कवि लिखता है— “चाहे जो चैनल बदलो, हो हुल्लड़ दिखता है / हर इक रिश्ता जैसे जूठा कुल्हड़ दिखता है।” तथा आगे— “नकली चेहरे, झूठे प्रेम प्रसंग देखते हैं।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 72)। यहाँ ‘नकली चेहरा’ केवल व्यक्ति की बनावटी छवि नहीं, बल्कि समूची सामाजिक संस्कृति में प्रवेश करती कृत्रिमता का प्रतीक है। कवि के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि कृत्रिमता जब पारिवारिक और सामाजिक संबंधों तक पहुँच जाती है तो मनुष्य की संवेदनात्मक पहचान भी संकट में पड़ जाती है।

इसी सामाजिक संकट को ‘टेढ़ी चाल’ आधुनिक तकनीकी जीवन के संदर्भ में और व्यापक बनाता है। यहाँ तकनीकी विकास स्वयं समस्या नहीं है; समस्या तब उत्पन्न होती है जब संचार के साधन संबंधों की आत्मीयता का स्थान लेने लगते हैं। यह आधुनिक मनुष्य के आभासी सामाजिक जीवन पर कवि की आलोचनात्मक टिप्पणी है। प्रतिरोध चेतना यहाँ तकनीक-विरोध नहीं, बल्कि तकनीक के बीच मनुष्यता को बचाने का आग्रह है।

समकालीन सामाजिक जीवन में परिवार और संबंधों के विघटन को भी कवि अपने विमर्श का हिस्सा बनाता है। ‘नकली दुनिया’ में वह पूछता है— “कैसा घर-परिवार ?” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 72)। परिवार भारतीय सामाजिक संरचना में आत्मीयता और विश्वास की संस्था रहा है; इसलिए जब कवि उसके भीतर ‘षड्यंत्र’ और ‘नकलीपन’ देखता है, तो यह केवल पारिवारिक संकट नहीं रह जाता, बल्कि व्यापक सामाजिक मूल्य-संकट का रूप ले लेता है।

आर्थिक विषमता और आम आदमी की विवशता का प्रश्न ‘दस प्रतिशत’ में अत्यंत स्पष्ट है। कवि लिखता है— “बेबस जनता देख रही है / लुटते हुए खजाने / धीरे-धीरे सीख रही है / आजादी के माने।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 77)। यहाँ ‘आजादी’ का अर्थ राजनीतिक स्वतंत्रता से आगे जाकर आर्थिक और सामाजिक स्वतंत्रता के प्रश्न से जुड़ जाता है। जनता स्वतंत्र है, किंतु यदि संसाधनों पर उसका अधिकार नहीं और वह सार्वजनिक संपदा के लुटने की केवल दर्शक बनी रहे, तो स्वतंत्रता की सार्थकता पर प्रश्न उठना स्वाभाविक है। इसीलिए ये पंक्तियाँ लोकतांत्रिक स्वतंत्रता की वास्तविक सामाजिक परिणति पर गंभीर प्रश्न उपस्थित करती हैं।

कवि की प्रतिरोध चेतना केवल राजनीति और बाजार तक सीमित नहीं रहती; वह विकास की अवधारणा की भी आलोचनात्मक पड़ताल करती है। ‘टेढ़ी चाल’ में बदलते प्राकृतिक और सामाजिक परिवेश का चित्रण करते हुए कवि कहता है— “साँसें रुकने लगी हवा की / पानी जहर हुआ।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 98)। विकास की प्रक्रिया में पर्यावरणीय संतुलन की उपेक्षा को इन पंक्तियों में अत्यंत संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली रूप में व्यक्त किया गया है। आधुनिकता की आलोचना यहाँ फिर उसी प्रश्न पर लौटती है—क्या ऐसा विकास मनुष्य के लिए सार्थक है जो उसके जीवन के आधारभूत प्राकृतिक संसाधनों को ही संकट में डाल दे?

सत्ता और व्यवस्था की आलोचना का एक अधिक तीखा रूप ‘गिरगिटवंशी’ में दिखाई देता है। कवि लिखता है— “लूट अपहरण बेईमानी / सीनाजोरी में / घोटालों में, हत्याओं में / डाका, चोरी में / सभी मुकदमों में अपराधी / ये ही ठहरे हैं।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 91)। ‘गिरगिटवंशी’ शीर्षक स्वयं अवसरवाद और रंग बदलती प्रवृत्ति का प्रतीक है। यहाँ अपराध केवल व्यक्तिगत नैतिक पतन नहीं रह जाता; वह ऐसी व्यवस्था का हिस्सा दिखाई देता है जिसमें अपराध, सत्ता और स्वार्थ के बीच की सीमाएँ धुँधली पड़ती जा रही हैं। कवि का प्रतिरोध इसी नैतिक अस्पष्टता के विरुद्ध है।

इसी गीत में कवि जनता की स्थिति की ओर भी संकेत करता है— “जनता जागी बड़े-बड़ों की / बाजी उलट गयी।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 91)। यह पंक्ति कवि की प्रतिरोध चेतना के एक महत्त्वपूर्ण पक्ष को सामने लाती है। जनता केवल पीड़ित या निष्क्रिय पात्र नहीं है; उसमें परिवर्तन की संभावना भी विद्यमान है। इस प्रकार कवि का सामाजिक यथार्थ-बोध निराशा में समाप्त नहीं होता, बल्कि जनचेतना और परिवर्तन की संभावना के लिए स्थान छोड़ता है।

ऋषि कुमार मिश्र की प्रतिरोध चेतना का एक उल्लेखनीय पक्ष लोकभाषा और व्यंग्यात्मक मुहावरेदारी है। ‘कागज की नाव’, ‘हाथ हिलाओ’, ‘नकली दुनिया’, ‘गिरगिटवंशी’, ‘दस प्रतिशत’, ‘टेढ़ी चाल’ जैसे गीतों के शीर्षक ही उनके व्यंग्य-बोध का संकेत देते हैं। वे जटिल राजनीतिक और सामाजिक प्रश्नों को कठिन वैचारिक भाषा में नहीं, बल्कि सामान्य जनजीवन से उठे हुए शब्दों और दृश्यों में व्यक्त करते हैं। इस कारण उनकी आलोचना बौद्धिक होने के साथ-साथ लोकानुभव से जुड़ी रहती है।

यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि कवि का प्रतिरोध निषेधात्मक नहीं, रचनात्मक है। ‘कठिन साधना’ में जीवन-संघर्ष के बीच वह लिखता है— “एक दहशत लिए / जी रही जिन्दगी / अर्थ खोते हुए / शब्द की त्रासदी।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 74)। ‘शब्द की त्रासदी’ का ‘अर्थ खोना’ केवल भाषिक संकट नहीं है; यह उस समय का संकेत है जब शब्द और वास्तविकता के बीच दूरी बढ़ जाती है। राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जब शब्दों का अर्थ बदल दिया जाता है, तब कविता का दायित्व उन शब्दों को पुनः उनकी वास्तविक अर्थवत्ता प्रदान करना भी बन जाता है।

इसी संदर्भ में आँगन में कल्पवृक्ष की काव्य-दृष्टि में कविता स्वयं प्रतिरोध का माध्यम बनती है। ‘कठिन साधना’ में ‘शब्द’ के अर्थ-संकट से लेकर ‘दर्पण की तरह’ में समाज के चेहरों को सामने रखने की प्रवृत्ति तक कवि कविता को यथार्थ से मुठभेड़ करने वाली विधा के रूप में देखता है। ‘दर्पण की तरह’ में वह लिखता है— “काश दर्पण की तरह / सच बोलते चहरे।” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 90)। यह छोटी-सी पंक्ति कवि की समूची प्रतिरोध चेतना का सार कही जा सकती है—चेहरे और व्यवस्था दोनों वैसे ही दिखाई दें जैसे वे वास्तव में हैं, न कि जैसे उन्हें दिखाया जा रहा है।

इस प्रकार ऋषि कुमार मिश्र का समकालीन विमर्श अनेक स्तरों पर सक्रिय दिखाई देता है। राजनीतिक स्तर पर वे सत्ता, संसद, प्रशासन और लोकतांत्रिक आचरण की विसंगतियों को देखते हैं; आर्थिक स्तर पर बाजार, लूट, असमानता और आम आदमी की विवशता को रेखांकित करते हैं; सामाजिक स्तर पर परिवार, संबंध और सामाजिक विश्वास के क्षरण को पहचानते हैं; पर्यावरणीय स्तर पर विकास और प्रकृति के बीच असंतुलन को सामने लाते हैं; और नैतिक स्तर पर नकलीपन, अवसरवाद तथा मूल्यहीनता का प्रतिरोध करते हैं।

भाषा-शैली और लोकधर्मी अभिव्यक्ति

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों की सबसे महत्त्वपूर्ण विशेषताओं में उनकी भाषा की सहजता, लोकधर्मिता, बिम्बों की सजीवता तथा शिल्प की संप्रेषणीयता उल्लेखनीय है। उनकी भाषा कृत्रिम, अलंकार-प्रधान अथवा दुरूह नहीं, बल्कि जीवनानुभव से उपजी हुई, अर्थगर्भी और सहज संवादी है। वे शब्दों का प्रयोग केवल काव्य-सौंदर्य के लिए नहीं करते, बल्कि उन्हें संवेदना, विचार और सामाजिक यथार्थ की अभिव्यक्ति का माध्यम बनाते हैं। यही कारण है कि उनके नवगीतों में भाषा स्वयं अर्थ-सृजन की सक्रिय शक्ति बन जाती है। डॉ. रामसनेही लाल शर्मा 'यायावर' ने आँगन में कल्पवृक्ष की भूमिका में ठीक ही लिखा है कि ऋषि कुमार मिश्र "शब्द की गरिमा से परिचित हैं और इसीलिए वे अर्थगर्भी समर्थ भाषा के प्रयोग में निष्णात हैं।" वास्तव में उनकी भाषा में लोकजीवन की सहजता और आधुनिक जीवन की जटिलता का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।

उनकी भाषा का सबसे सशक्त पक्ष उसका लोकधर्मी स्वरूप है। देशज शब्द, लोक-प्रयोग और बोलचाल की अभिव्यक्तियाँ उनके गीतों को जीवन के निकट ले आती हैं। "तनातनी में बंद परस्पर / राम-जुहार हुई।" यहाँ "राम-जुहार" केवल अभिवादन नहीं, बल्कि ग्रामीण आत्मीयता का सांस्कृतिक प्रतीक है। इसी प्रकार "तनातनी" शब्द पूरे सामाजिक तनाव को अत्यंत सहजता से व्यक्त कर देता है। आगे—"आई पुलिस और पापों पर / पर्दा डाल गयी।" यहाँ "पर्दा डालना" मुहावरे का प्रयोग सत्ता-संरक्षित भ्रष्टाचार को तीखी व्यंजना प्रदान करता है।

खाकी मिट्टी में भी लोकभाषा का यही स्वाभाविक स्वर दिखाई देता है। वहाँ प्रयुक्त ग्रामीण शब्दावली, लोक-मुहावरे और देशज प्रयोग कविता को कृत्रिम होने से बचाते हैं तथा अनुभव की प्रामाणिकता स्थापित करते हैं। "मरजाद", "गरियाना", "अबे-तबे", "मुँडेर", "चूल्हा", "देहरी", "धुरवा" जैसे शब्द कविता में केवल भाषिक सजावट नहीं, बल्कि लोक-संस्कृति की जीवित उपस्थिति हैं।

ऋषि कुमार मिश्र की भाषा बहुस्तरीय भी है। एक ओर "आस्था", "तीर्थ", "मानस", "पुण्य", "गीता" जैसे तत्सम शब्द उनकी सांस्कृतिक चेतना को व्यक्त करते हैं, तो दूसरी ओर "दहशत", "नफ़रत", "जमीर", "मशक्कत", "नासूर" जैसे उर्दू शब्द आधुनिक सामाजिक यथार्थ को सजीव बनाते हैं। इसी प्रकार "फेस", "चैनल", "टी.आर.पी.", "पावर", "बेड-टी", “लोकल”, “रश” आदि अंग्रेज़ी शब्द आधुनिक जीवन की विडम्बनाओं को व्यक्त करने में सहायक बनते हैं। इस प्रकार उनकी भाषा भारतीय समाज की बहुभाषिक संरचना का स्वाभाविक रूप ग्रहण कर लेती है।

शिल्प की दृष्टि से उनके नवगीतों में लयात्मकता, संक्षिप्तता और व्यंजनात्मकता का सुंदर समन्वय मिलता है। वे अनावश्यक विस्तार से बचते हैं और कम शब्दों में व्यापक अर्थ उपस्थित कर देते हैं। प्रतीक, रूपक, प्रश्न-विधान, व्यंग्य और संवादात्मक शैली उनके शिल्प को प्रभावी बनाते हैं। उनके अनेक गीतों में मुखड़े और अंतरों की संरचना पारंपरिक गीतात्मकता को बनाए रखते हुए आधुनिक कथ्य को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करती है।

उनकी शैली में व्यंग्य भी अत्यंत तीक्ष्ण किन्तु संयत है। उदाहरणतः—"जनमत ने भौंहें टेढ़ी कीं / सत्ता पलट गयी।" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 91) तथा "टंगड़ी देना सीख रहे हैं / जिन्हें जीतना रेस।" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 89) इन पंक्तियों में बोलचाल के मुहावरों के माध्यम से समकालीन राजनीति और प्रतिस्पर्धी जीवन की विडम्बनाओं को अत्यंत प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया गया है।

इस प्रकार आँगन में कल्पवृक्ष और खाकी मिट्टी दोनों काव्य-संग्रहों के अध्ययन से स्पष्ट होता है कि ऋषि कुमार मिश्र की भाषा-शैली लोकजीवन से अनुप्राणित, सहज एवं अर्थगर्भी है। उनके बिम्ब भारतीय जनजीवन और समकालीन यथार्थ से उपजते हैं तथा शिल्प में लय, व्यंजना और संप्रेषणीयता का संतुलित समन्वय मिलता है। यही कारण है कि उनके नवगीत भाषा और शिल्प दोनों स्तरों पर समकालीन हिन्दी नवगीत को विशिष्ट अभिव्यक्ति प्रदान करते हैं।

बिम्ब, प्रतीक और शिल्प-विधान

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों की एक प्रमुख विशेषता उनका सशक्त बिम्ब-विधान, व्यंजक प्रतीक-सृष्टि और संतुलित शिल्प-विधान है। उनके यहाँ बिम्ब केवल दृश्य रचने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे कथ्य के संवाहक और अर्थ-सृजन के सक्रिय उपकरण हैं। सामान्य जीवन, लोक-परिवेश, प्रकृति, श्रम-संस्कृति तथा समकालीन सामाजिक यथार्थ से ग्रहण किए गए बिम्ब उनके नवगीतों को जीवन-सापेक्ष और प्रभावी बनाते हैं। इन बिम्बों के माध्यम से कवि कम शब्दों में व्यापक अनुभव और गहन संवेदना व्यक्त करता है।

ऋषि कुमार मिश्र के बिम्बों का मूल स्रोत लोकजीवन और प्रकृति है। वे आँगन, खेत, मेड़, नदी, मिट्टी, बबूल, सेंहुड़, धूप, चूल्हा, वर्षा, पगडंडी और बीज जैसे सामान्य जीवनोपयोगी तत्वों को इस प्रकार रूपायित करते हैं कि वे व्यापक सामाजिक अर्थ ग्रहण कर लेते हैं। आँगन में कल्पवृक्ष की प्रसिद्ध पंक्तियाँ—"सेंहुड़ और बबूल उगाये / हमने आँगन में / गुलदानों में फूल उगाये / काँटे दामन में।" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 11) में "आँगन" आत्मीय जीवन का, "सेंहुड़" और "बबूल" कटुता एवं संवेदनहीनता का तथा "गुलदान" कृत्रिम आधुनिक जीवन का प्रतीक बन जाते हैं। यहाँ बिम्ब और प्रतीक मिलकर आधुनिक मनुष्य की जीवन-विडम्बना को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करते हैं।

इसी प्रकार खाकी मिट्टी में मिट्टी, धूल, पसीना और खेत बार-बार ऐसे प्रतीकों के रूप में आते हैं, जो श्रम, संघर्ष, जिजीविषा और लोकजीवन की जीवंतता का प्रतिनिधित्व करते हैं। वहाँ मिट्टी केवल भौतिक तत्व नहीं रहती, बल्कि मनुष्य की सांस्कृतिक पहचान और अस्तित्व का प्रतीक बन जाती है। यही कारण है कि संग्रह का शीर्षक "खाकी मिट्टी" स्वयं एक व्यापक प्रतीक के रूप में उभरता है, जो मनुष्य, भूमि और श्रम के अविच्छिन्न संबंध की ओर संकेत करता है।

ऋषि कुमार मिश्र के प्रतीकों की सबसे बड़ी विशेषता उनकी स्वाभाविकता है। वे आरोपित नहीं लगते, बल्कि जीवनानुभव से सहज रूप में प्रस्फुटित होते हैं। विकास की अंधी दौड़ पर व्यंग्य करते हुए वे लिखते हैं—" "नदिया बांधी, जंगल काटे /लां घे खड़े पहाड़ / घोला जहर हवा में हमने / सोख लिया पाताल / तरस रहे अब बूंद-बूंद / पानी को सावन में" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 11)। यहाँ "नदिया" और "जंगल" केवल प्राकृतिक उपादान नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण, लोकजीवन और पारिस्थितिक संतुलन के प्रतीक हैं। इन प्रतीकों के माध्यम से कवि तथाकथित विकास के विनाशकारी स्वरूप को उजागर करता है।

प्रेम और आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति में भी उनके बिम्ब अत्यंत प्रभावशाली हैं। वे भारतीय काव्य-परम्परा के सांस्कृतिक प्रतीकों को नवीन अर्थवत्ता प्रदान करते हैं—"आँचल में जुगनू भर जब तुम / संकेतों से मुझे बुलाती हो।"— (खाकी मिट्टी, पृ. 60) में "जुगनू" आशा, आकर्षण और जीवन के सूक्ष्म आलोक का प्रतीक बन जाता है।

विरह और करुणा की अभिव्यक्ति में भी उनके प्रतीक अत्यंत प्रभावशाली हैं—"आँसू की माला जपती हैं / पलकें मेरी सन्त हो गईं।" (खाकी मिट्टी, पृ. 69)। यहाँ आँसू साधना बन जाते हैं और विरह आध्यात्मिक अनुभव का रूप ग्रहण कर लेता है। यह प्रतीकात्मकता उनके गीतों को सामान्य भावुकता से ऊपर उठाकर गहन अनुभूति का रूप प्रदान करती है।

शिल्प की दृष्टि से ऋषि कुमार मिश्र के नवगीत अत्यंत संतुलित हैं। उनमें छंद, लय, टेक, तुक और गेयता का स्वाभाविक निर्वाह मिलता है। वे शिल्प को बाह्य अलंकरण नहीं, बल्कि कथ्य की प्रभावशीलता का माध्यम मानते हैं। उनकी रचना-दृष्टि का संकेत इन पंक्तियों में मिलता है—"गीत छोटा लिखो / पर खोटा न।" तथा "शब्द प्रति शब्द में / अर्थ की हो महक।"— (खाकी मिट्टी, पृ. 86)। ये पंक्तियाँ स्पष्ट करती हैं कि कवि संक्षिप्तता, अर्थ-सघनता और कलात्मक अनुशासन को श्रेष्ठ गीत का अनिवार्य गुण मानता है।

उनके शिल्प की दूसरी विशेषता यह है कि वे प्रतीकों और बिम्बों के माध्यम से कथ्य को प्रत्यक्ष न कहकर व्यंजना के स्तर पर प्रस्तुत करते हैं। इसी कारण उनके नवगीत पाठक से सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा करते हैं और प्रत्येक पुनर्पाठ में नए अर्थ खोलते हैं।

निष्कर्षतः ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों का बिम्ब-विधान लोकजीवन, प्रकृति और समकालीन यथार्थ से निर्मित है। उनके प्रतीक सहज, स्वाभाविक और बहुअर्थी हैं, जो सामान्य वस्तुओं को गहन सामाजिक एवं सांस्कृतिक अर्थ प्रदान करते हैं। आँगन में कल्पवृक्ष में जहाँ घरेलू और सामाजिक जीवन के प्रतीक अधिक मुखर हैं, वहीं खाकी मिट्टी में मिट्टी, श्रम, प्रकृति और मानवीय संघर्ष के बिम्ब अधिक प्रभावी रूप में सामने आते हैं। शिल्प की दृष्टि से उनके नवगीत संक्षिप्तता, लयात्मकता, अर्थ-सघनता और व्यंजनात्मकता के कारण विशिष्ट हैं। इस प्रकार बिम्ब, प्रतीक और शिल्प का संतुलित समन्वय उनके नवगीतों को समकालीन हिन्दी नवगीत परंपरा में विशिष्ट कलात्मक ऊँचाई प्रदान करता है।

छन्दानुशासन और गीतात्मकता

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों की एक उल्लेखनीय विशेषता उनका सुदृढ़ छन्दानुशासन और स्वाभाविक गीतात्मकता है। वे नवगीत की उस परंपरा के कवि हैं जिसमें छंद का बाह्य अनुशासन बना रहता है, किन्तु वह रूढ़ या यांत्रिक नहीं होता। उनकी रचनाओं में लय, गति, तुक, टेक और गेयता का संतुलित निर्वाह मिलता है। यही कारण है कि उनके नवगीत पढ़ने के साथ-साथ गुनगुनाए भी जा सकते हैं।

ऋषि कुमार मिश्र परंपरागत गीत की संगीतात्मकता को स्वीकार करते हुए उसे समकालीन संवेदना के अनुरूप नया रूप प्रदान करते हैं। उनके यहाँ छंद किसी निर्धारित वर्णिक या मात्रिक बंधन का यांत्रिक निर्वाह नहीं है, बल्कि भावानुकूल लय का सृजन है। इसलिए उनकी रचनाओं में छंद और कथ्य परस्पर पूरक बनकर सामने आते हैं।

उनके गीतों की आंतरिक लय सहज और स्वाभाविक है। उदाहरण के लिए—"मुझको इस बस्ती में / कुछ दिन और ठहरना है।" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 12)  इन पंक्तियों की गेयता किसी बाहरी तुक या कृत्रिम अलंकरण से नहीं, बल्कि भाव-प्रवाह और वाक्य-विन्यास से निर्मित होती है। यही नवगीत की आंतरिक संगीतात्मकता है। इसी प्रकार—"जिस स्याही से पतझर / उससे ही मधुमास लिखा।" यहाँ "पतझर" और "मधुमास" के विरोधी बिम्ब केवल अर्थगत तनाव ही नहीं रचते, बल्कि लयात्मक संतुलन भी निर्मित करते हैं। विरोधाभास का यह कलात्मक प्रयोग गीत को अधिक प्रभावी बनाता है।

ऋषि कुमार मिश्र गीत की संक्षिप्तता और लयात्मक अनुशासन के पक्षधर हैं। उनकी काव्य-दृष्टि का संकेत इन पंक्तियों में मिलता है—"गीत छोटा लिखो / पर न खोटा लिखो।" तथा "शब्द प्रति शब्द में / अर्थ की हो महक।" (खाकी मिट्टी, पृ. 86)। इन पंक्तियों से स्पष्ट है कि कवि के लिए गीत का सौंदर्य केवल छंद में नहीं, बल्कि लय, अर्थ-सघनता और भाव-सत्य के समन्वय में निहित है।

आँगन में कल्पवृक्ष  के अनेक नवगीत भी अपनी सहज लयात्मक संरचना के कारण विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करते हैं। उदाहरणतः—"सेंहुड़ और बबूल उगाये / हमने आँगन में।" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 11)। इन पंक्तियों में छंद की नियमित गति, शब्द-संयम और टेक की प्रभावशीलता स्पष्ट दिखाई देती है। कथ्य चाहे कितना भी तीखा क्यों न हो, उसकी प्रस्तुति गीतात्मक अनुशासन के भीतर ही होती है।

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीत संग्रह 'आँगन में कल्पवृक्ष' के आधार पर डॉ. रामसनेही लाल शर्मा 'यायावर' ने भी यह स्पष्ट रेखांकित किया है कि कवि के गीतों की सबसे बड़ी विशेषता उनका "छन्दानुशासन" है। उनके गीतों में मात्रात्मक संतुलन, लय, तुकबंदी और प्रवाह का उत्कृष्ट समन्वय है, जो उन्हें सहज गेय और गीतात्मक बनाता है। संग्रह से छन्दानुशासन और गीतात्मकता को पुष्ट करने वाले कुछ उदाहरण दृष्टव्य हैं:-

1. मात्रिक छंदानुशासन और संगीतात्मक प्रवाह (लयबद्धता): कवि के गीतों में अंत्यानुप्रास (तुकबंदी) और मात्राओं का अनुशासन इतना सटीक है कि पंक्तियाँ स्वतः संगीत का रूप ले लेती हैं। उदाहरण (गीत: काँटे दामन में): "दुःशासन भी लोकतंत्र में / आया अभिमत से। हुआ राम का निर्वासन भी / अबके बहुमत से। युग का नायक ढूँढ़ लिया है / हमने रावण में।"(पृष्ठ संख्या: 11) विशेषता: यहाँ 'अभिमत से', 'बहुमत से' और 'रावण में' का छंद विधान और सम-मात्रात्मक ढांचा गजब की संगीतात्मकता पैदा करता है।

2. लोक-धुनों पर आधारित सहज गेयता (गीतात्मकता): ग्रामीण और पारंपरिक लोक-जीवन की धुनों को समेटे हुए गीतों में मधुर गीतात्मकता का गुण दिखाई देता है, जिसे आसानी से गुनगुनाया जा सकता है।उदाहरण (गीत: मानस गंगा):"मां बाबू जी आज गाँव से / शहर पधारे हैं।ऐसा लगा कि मेरे घर में / तीरथ सारे हैं।मेड़ों खेतों की चर्चा में / सारा दिन बीता।मानस की चौपाई जागी / बोल उठी गीता।"(पृष्ठ संख्या: 88)विशेषता: 'पधारे हैं-सारे हैं' और 'बीता-गीता' का आंतरिक तुक-विधान लोक-गीतों की गेय परंपरा के सर्वथा अनुकूल है।

3. संक्षिप्त पंक्तियों का छंद-प्रवाह (शॉर्ट मीटर छंद): छोट-छोटे पदों में बंधी पंक्तियाँ जब एक ही गति और यति (ठहराव) के नियम पर चलती हैं, तो वे छंदानुशासन का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। उदाहरण (गीत: आखिर जलना है): "मुझको इस बस्ती में कुछ दिन / और ठहरना है। चीख निकल जाती होठों पर / अंगारे कसते। जैसे भी हो पर बिसराकर / तड़पाते रिश्ते।"(पृष्ठ संख्या: 12) विशेषता: 'ठहरना है', 'कसते', 'रिश्ते' के प्रवाह में यति-गति का कड़ाई से पालन किया गया है, जो गीतात्मकता को टूटने नहीं देता।

4. समकालीन विषयों में पारंपरिक छंद का निर्वाह: कवि आधुनिक विसंगतियों (जैसे भ्रष्टाचार) पर चोट करते हुए भी अपने छंद का अनुशासन भंग नहीं होने देते।उदाहरण (गीत: कागज की नाव): "मंत्री अफसर का गंठजोड़ / अखबारों में भंडाफोड़।सारी राहत गए डकार / तीन विधायक हुए फरार।बंद प्रदर्शन और तनाव।"(पृष्ठ संख्या: 86) विशेषता: 'गंठजोड़-भंडाफोड़' और 'डकार-फरार' की त्वरित तुकबंदी भाषा में गतिशीलता लाती है, जो कि उत्तम गीत का अनिवार्य तत्व है।

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीतों में लय केवल ध्वनि का गुण नहीं, बल्कि अर्थ का भी अंग है। भावानुकूल गति, पंक्ति-विन्यास, विराम, पुनरुक्ति और ध्वन्यात्मक शब्दों के माध्यम से वे ऐसी आंतरिक संगीतात्मकता रचते हैं जो पाठक को सहज ही गीत के भाव-जगत में ले जाती है। उनके यहाँ गेयता कभी कृत्रिम नहीं लगती; वह कथ्य की स्वाभाविक परिणति है।

निष्कर्षतः ऋषि कुमार मिश्र के नवगीत छन्दानुशासन और गीतात्मकता की दृष्टि से अत्यंत सशक्त हैं। वे परंपरागत गीत की लयात्मक विरासत को सुरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक संवेदना और नवीन कथ्य के अनुरूप रूपांतरित करते हैं। उनके यहाँ छंद रूढ़ बंधन नहीं, बल्कि भावाभिव्यक्ति का अनुशासित माध्यम है। लय, गेयता, संक्षिप्तता और अर्थ-सघनता का संतुलित समन्वय उनके नवगीतों को समकालीन हिन्दी नवगीत परंपरा में विशिष्ट स्थान प्रदान करता है।

कवि की रचनात्मक प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकार

 

ऋषि कुमार मिश्र के नवगीत केवल भाव-सौंदर्य की रचनाएँ नहीं हैं, बल्कि अपने समय के प्रति गहरी सामाजिक प्रतिबद्धता का सशक्त दस्तावेज भी हैं। वे लोकतंत्र, सामाजिक विषमता, नैतिक अवमूल्यन, बाजारवाद और मानवीय संकटों को केवल चित्रित नहीं करते, बल्कि उनके विरुद्ध रचनात्मक प्रतिरोध का स्वर भी निर्मित करते हैं। जब समाज और राजनीति के स्तर पर विकृतियाँ असाध्य हो जाती हैं, तब कवि केवल मूकदर्शक या व्यवस्था का रोना रोने वाला रचनाकार नहीं रहता। व्यवस्था के इस सड़न का कवि के पास क्या इलाज है, इसे वे बेहद आक्रामक और क्रांतिकारी ढंग से रेखांकित करते हैं। उनका मानना है कि जब तंत्र पूरी तरह सड़ चुका हो, तब साधारण सुधारों से काम नहीं चलता: "अगर व्यवस्था लुंज-पुंज हो / भीतर बाहर से / और इलाज असंभव हो / मरहम से, नश्तर से / नासूरों पर चाकू-छूरे / टेने पड़ते हैं" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 48)। अर्थात, व्यवस्था की इस सड़न (नासूर) का इलाज कवि के पास कोई सतही 'मरहम' या छोटा-मोटा 'नश्तर' (सर्जिकल ब्लेड) नहीं है, बल्कि इसके समूल नाश के लिए वे 'चाकू-छूरे टेने' यानी एक बड़ी वैचारिक क्रांति और कठोरतम प्रहार को ही एकमात्र विकल्प मानते हैं। यह पंक्तियाँ उनके भीतर उबलते जन-आक्रोश और व्यवस्था-परिवर्तन की तीव्र आकांक्षा को सिद्ध करती हैं।

 

'आँगन में कल्पवृक्ष' में लोकतांत्रिक विडम्बना, सामाजिक अन्याय और व्यवस्था की विसंगतियों पर तीखी टिप्पणी मिलती है— “मंत्री अफ़सर का गठजोड़ / अख़बारों में भंडाफोड़ / सारी राहत गए डकार / तीन विधायक हुए फरार” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 86) “पिटते जाना पर चुप रहना / है कितनी लाचारी / जाने कब जनता जागेगी / फूटेगी चिंगारी” (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 87) और—"सत्तर साला लोकतंत्र में / हम इतना जाने / भीड़ लगाना नारे दुहराना / बाहें ताने / खाली कारतूस जैसे हम / अब तक नहीं दगे" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 85)।

 

वहीं 'काँटे दामन में' में कवि मिथकीय प्रतीकों के माध्यम से समकालीन राजनीति की नैतिक विफलता को उद्घाटित करते हैं—"दुःशासन भी लोकतंत्र में / आया अभिमत से।" तथा—"हुआ राम का निर्वासन भी / अबके बहुमत से।" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 11) इसी प्रकार—"जिस स्याही से पतझर / उससे ही मधुमास लिखा / विधना ने अपने हाथों से / यह इतिहास लिखा / चन्दन की या चिता काठ की / आखिर जलना है।" (आँगन में कल्पवृक्ष, पृ. 12) जैसी पंक्ति जीवन-संघर्ष, दायित्व और आत्मोत्सर्ग की मानवीय चेतना को व्यक्त करती है।

 

इस प्रकार ऋषि कुमार मिश्र की रचनात्मकता सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक प्रतिबद्धता और मानवीय मूल्यों की पक्षधर है। उनके नवगीत समय की विसंगतियों का साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए समाज में संवेदना, न्याय और मानवीय आस्था की पुनर्स्थापना का रचनात्मक प्रयास करते हैं।

 

समापन

 

उपर्युक्त विवेचन के आधार पर स्पष्ट है कि ऋषि कुमार मिश्र का नवगीत-साहित्य समकालीन हिन्दी नवगीतधारा में एक विशिष्ट और महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने नवगीत को केवल रागात्मक अभिव्यक्ति तक सीमित न रखकर उसे सामाजिक यथार्थ, लोकजीवन, सांस्कृतिक अस्मिता और मानवीय सरोकारों की सशक्त अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया है। उनकी रचनाओं में अनुभव-सत्य, जीवन-सापेक्ष संवेदना और समय-बोध का ऐसा संतुलित समन्वय दिखाई देता है, जो उनके काव्य को समकालीन संदर्भों में विशेष प्रासंगिकता प्रदान करता है।

 

उनके नवगीतों में लोक-संस्कृति और आधुनिक जीवनानुभव परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि संवादशील रूप में उपस्थित हैं। ग्राम्य जीवन, पारिवारिक संबंध, श्रम-संस्कृति, प्रकृति और सांस्कृतिक स्मृतियाँ उनके यहाँ केवल अतीत-बोध का माध्यम नहीं बनतीं, बल्कि वर्तमान सामाजिक विघटन, सांस्कृतिक विस्थापन और मानवीय संकट की पहचान के साथ भविष्य के प्रति आश्वस्त दृष्टि का भी निर्माण करती हैं। इसी प्रकार लोकतांत्रिक विडम्बनाओं, बाज़ारवादी प्रवृत्तियों, बदलते सामाजिक संबंधों तथा मूल्य-संकट के प्रति उनकी सजग दृष्टि नवगीत को समकालीन सामाजिक विमर्श से जोड़ती है।

 

भाषा और शिल्प की दृष्टि से भी ऋषि कुमार मिश्र ने नवगीत को समृद्ध किया है। उनकी सहज, संप्रेषणीय और लोकधर्मी भाषा, सशक्त बिम्ब-योजना, प्रतीकात्मकता, व्यंग्य-चेतना तथा छंद और लय के प्रति सजगता उनके काव्य को विशिष्ट कलात्मक गरिमा प्रदान करती है। वे परंपरा के जीवन-मूल्यों को आधुनिक संदर्भों में पुनर्परिभाषित करते हुए नवगीत को व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक अर्थवत्ता प्रदान करते हैं।

 

यद्यपि विषय-वस्तु के स्तर पर कहीं-कहीं लोकजीवन और सांस्कृतिक स्मृतियों की पुनरावृत्ति तथा शिल्पगत प्रयोगधर्मिता का अपेक्षाकृत संयम दृष्टिगोचर होता है, तथापि ये सीमाएँ उनकी समग्र रचनात्मक उपलब्धि को प्रभावित नहीं करतीं। उनकी काव्य-दृष्टि का मूल आधार मानवीय आस्था, अनुभव की प्रामाणिकता, सामाजिक प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक चेतना है, जो उनके नवगीतों को स्थायी महत्त्व प्रदान करता है।

 

निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि ऋषि कुमार मिश्र ने समकालीन हिन्दी नवगीत को संवेदनात्मक गहराई, वैचारिक परिपक्वता, लोकधर्मी दृष्टि और कलात्मक गरिमा से समृद्ध किया है। उनका रचनाकर्म न केवल नवगीत की परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि समकालीन हिन्दी साहित्य में उसे एक सशक्त सामाजिक-सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के रूप में प्रतिष्ठित भी करता है।

 

ऋषि कुमार मिश्र की रचनात्मक यात्रा को ‘खाकी मिट्टी’ से ‘आँगन में कल्पवृक्ष’ तक देखने पर उनकी नवगीत-चेतना के विकास का एक महत्त्वपूर्ण क्रम भी स्पष्ट होता है। ‘खाकी मिट्टी’ यद्यपि नवगीत-संग्रह नहीं है, फिर भी उसमें अनेक स्थलों पर जो लोकानुभूति, सामाजिक यथार्थ, मानवीय संवेदना, जीवन-संघर्ष और समय-बोध दृष्टिगोचर होता है, वही आगे चलकर उनकी नवगीत-दृष्टि के लिए आधारभूमि निर्मित करता दिखाई देता है। वहाँ यह चेतना यत्र-तत्र, कभी अनुभव के स्तर पर तो कभी जीवन-दृष्टि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराती है। ‘आँगन में कल्पवृक्ष’ तक आते-आते यही चेतना अधिक सुसंगठित, परिपक्व और कलात्मक रूप ग्रहण कर नवगीत की विकास-यात्रा में परवान चढ़ती दिखाई देती है। इस अर्थ में ‘खाकी मिट्टी’ से ‘आँगन में कल्पवृक्ष’ तक की यात्रा केवल एक रचनाकार की काव्य-यात्रा नहीं, बल्कि उसकी नवगीत-चेतना के क्रमिक विकास और परिपक्वता की यात्रा भी है।

 

इस दृष्टि से ऋषि कुमार मिश्र समकालीन हिन्दी नवगीत के उन महत्त्वपूर्ण रचनाकारों में हैं, जिन्होंने परंपरा और आधुनिकता, आस्था और प्रतिरोध, लोक और समय-बोध के बीच सार्थक रचनात्मक संतुलन स्थापित करते हुए नवगीत-विधा को नई वैचारिक ऊँचाई और व्यापक साहित्यिक प्रतिष्ठा प्रदान की है। उनकी रचनात्मक यात्रा यह प्रमाणित करती है कि नवगीत उनके लिए केवल एक काव्य-विधा नहीं, बल्कि बदलते समय, समाज और मनुष्य की जटिल अनुभूतियों को अभिव्यक्त करने वाली एक जीवंत रचनात्मक चेतना है।

 

ऋषि कुमार मिश्र की सृजनधर्मिता निरंतर नई संवेदनाओं, मानवीय मूल्यों और लोकचेतना को समृद्ध करती रहे तथा उनकी लेखनी हिन्दी नवगीत-साहित्य को निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्रदान करती रहे—इसी मंगलकामना के साथ।

 

 

‘चंद्रप्रभा विला’

417, रॉयल रेजीडेंसी- प्रथम फेस,

सारंगपुरा, बड के बालाजी,

अजमेर रोड, जयपुर- 302042

+91 82099 09309

Popular posts from this blog

यात्रा-वृत्तांत : नवगीत, इतिहास और आस्था का त्रिवेणी संगम - अशोक शर्मा ‘कटेठिया’

“अंधकार में मनुष्यता की तलाश: ‘जहाँ नहीं उजियार’ - अशोक शर्मा ‘कटेठिया’

डॉ. मधुसूदन साहा का दोहा–मुक्तक ‘पल भर का मृदु प्यार’ : परंपरा का नवोन्मेष - - अशोक शर्मा ‘कटेठिया’